Jalaun News: 16 लाख रुपये लेने के बाद भी नहीं दी चांदी, सराफा कारोबारियों पर मुकदमा दर्ज

Jalaun News: जालौन में 10 किलो चांदी खरीदने के लिए 16 लाख रुपये जमा कराने के बावजूद माल न मिलने पर एक युवक ने दो सराफा कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

By :  Afsar Haq
Update:2026-06-13 16:37 IST

Jalaun News

Jalaun News: 10 किलो चांदी की खरीद के लिए 16 लाख रुपये जमा कराने के बावजूद माल न मिलने पर एक युवक ने दो सराफा कारोबारियों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने विश्वासघात समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उरई के मोहल्ला तुलसी नगर कोरी कॉलोनी निवासी ऋषि कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने 17 नवंबर 2025 को झांसी रोड स्थित रामनगर निवासी रोचन माहेश्वरी और संतोष माहेश्वरी की वेंकटेश ज्वैलर्स से 10 किलो चांदी खरीदने का सौदा किया था। चांदी की कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये प्रति किलो तय हुई थी, जिसके एवज में उन्होंने कुल 16 लाख रुपये दुकान पर जमा कर दिए थे।पीड़ित का आरोप है कि रकम जमा कराने के बाद ज्वैलर्स संचालकों ने उन्हें एक कच्ची रसीद दी और आश्वासन दिया कि 10 दिनों के भीतर चांदी उपलब्ध करा दी जाएगी। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी उन्हें चांदी नहीं दी गई।

ऋषि कुमार का कहना है कि इस दौरान बाजार में चांदी के दाम लगातार बढ़ते रहे। इसके बाद कारोबारियों की नीयत बदल गई और उन्होंने माल देने से इनकार करना शुरू कर दिया।आरोप है कि कई बार संपर्क करने तथा रकम वापस करने या चांदी उपलब्ध कराने की मांग करने पर उन्हें लगातार टालमटोल किया गया। इतना ही नहीं, अधिक दबाव बनाने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने रोचन माहेश्वरी और संतोष माहेश्वरी के खिलाफ विश्वासघात कर रुपये रखने तथा सामान उपलब्ध न कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News