Jalaun News: जालौन व्यापारी चोरी कांड का खुलासा, नौकर ने साथियों संग रची साजिश; पांच गिरफ्तार

Jalaun News: जालौन में व्यापारी के घर के बाहर से रुपये से भरा झोला चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। व्यापारी का नौकर ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला।

By :  Afsar Haq
Update:2026-08-03 18:20 IST

Jalaun News

Jalaun News: जालौन नगर क्षेत्र में व्यापारी के घर के बाहर से रुपये से भरा झोला चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की इस वारदात की साजिश व्यापारी के यहां काम करने वाले नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी नौकर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।

जानकारी के अनुसार, जालौन नगर निवासी व्यापारी दिलीप अग्रवाल के घर के बाहर से रुपये से भरा झोला चोरी हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशांत सोनी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी की वारदात का मास्टरमाइंड व्यापारी का नौकर सजल फरीदी निकला।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान नौकर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सजल फरीदी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए रुपये से भरा झोला बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार चोरी गई शत-प्रतिशत धनराशि बरामद हो चुकी है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लिया गया है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशांत सोनी ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News