Jaunpur News: भारत माता की जय ही एकमात्र लक्ष्य - डॉ महेंद्र नाथ पांडेय
Jaunpur News: जलालपुर में भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान में डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने राष्ट्रवाद, अंत्योदय और संगठन विस्तार पर जोर दिया।
भारत माता की जय ही एकमात्र लक्ष्य - डॉ महेंद्र नाथ पांडेय (Photo- Newstrack)
Jaunpur News: भारतीय जनता पार्टी जिला मछलीशहर द्वारा क्षेत्र के जेबी ग्रीन रिसॉर्ट में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा का एक सशक्त आंदोलन है, जिसका एकमात्र लक्ष्य भारत माता की जय के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
समाज के हर व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना भाजपा का लक्ष्य
उन्होंने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान विषय पर विस्तार से बोलते हुए कहा कि पार्टी की नींव राष्ट्र प्रथम की भावना, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर आधारित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सत्ता प्राप्ति को लक्ष्य नहीं मानता बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना ही उसका उद्देश्य होता है।
डॉ पांडेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। देश की सुरक्षा, सांस्कृतिक विरासत की रक्षा और गरीब कल्याण के लिए भाजपा सरकारों ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है और आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है।
कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता समाज सेवा, संगठन और राष्ट्र सेवा की भावना से प्रेरित होकर कार्य करता है तथा यही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ अजय कुमार सिंह ने एवं संचालन डॉ नृपेन्द्र सिंह ने किया। इससे पूर्व डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया।
द्वितीय सत्र में पूर्व प्रदेश महामंत्री ,पूर्व विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर ने भाजपा के इतिहास एवं विकास विषय पर संबोधित किया। तृतीय सत्र में प्रदेश मंत्री एवं वर्ग प्रभारी शंकर गिरी ने बूथ प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। चतुर्थ सत्र में प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर ने कार्य विस्तार, संगठन विस्तार एवं शुद्धिकरण विषय पर अपना उद्बोधन दिया।
इस अवसर पर उपस्थित रहे
इस अवसर पर जिला प्रभारी संतोष सिंह पटेल, पूर्व सांसद बीपी सरोज, पूर्व विधायक डॉ हरेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक दिनेश चौधरी, पूर्व विधायक सुषमा पटेल तथा पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर,ब्रह्मदेव तिवारी ,ब्रह्मदेव उपाध्याय,डा आलोक सिंह,अनीता रावत,ऊषा किरण,मीना पटेल, सहित सभी अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।