Jaunpur News: बारिश में बच्चों का रखें खयाल, डॉ. कुलदीप ने संक्रामक बीमारियों से बचाव की दी ये सलाह
Jaunpur News: जौनपुर के सदर जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुलदीप निगम ने बारिश के मौसम में बच्चों को डायरिया, डेंगू, वायरल बुखार समेत अन्य बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।
बारिश में बच्चों का रखें खयाल, डॉ. कुलदीप ने संक्रामक बीमारियों से बचाव की दी ये सलाह (Photo- Newstrack)
Jaunpur News: बरसात के मौसम में बच्चों को मौसमी और संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए सदर जिला अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक डॉ. कुलदीप निगम ने लोगों को जरूरी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। महराजगंज बाजार निवासी डॉ. कुलदीप निगम ने पत्रकार वार्ता के दौरान अभिभावकों से बच्चों की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है कई बीमारियों का खतरा
डॉ. कुलदीप निगम ने बताया कि बरसात के मौसम में दूषित पानी, गंदगी और मच्छरों की संख्या बढ़ने के कारण बच्चों में कई तरह की मौसमी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान डायरिया, वायरल बुखार, टायफाइड, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और त्वचा संबंधी संक्रमण जैसी बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए।
स्वच्छ पानी और पौष्टिक भोजन देने की सलाह
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को हमेशा स्वच्छ और उबला या शुद्ध पानी ही पिलाएं। साथ ही उन्हें ताजा और पौष्टिक भोजन दें तथा खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचाएं। उन्होंने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि संक्रमण फैलने की संभावना कम हो सके।
मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने पर दिया जोर
डॉ. कुलदीप निगम ने कहा कि बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें, पूरी बांह के कपड़े पहनाएं और आवश्यकता के अनुसार मच्छररोधी उपाय अपनाएं। इससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है।
गंभीर लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से करें संपर्क
उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे को तेज बुखार, लगातार उल्टी-दस्त, शरीर पर चकत्ते, सांस लेने में तकलीफ या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी सरकारी अस्पताल या चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने लोगों को स्वयं दवा लेने या झोलाछाप उपचार से बचने की भी सलाह दी।
थोड़ी सावधानी से बच्चों को रखा जा सकता है सुरक्षित
पत्रकार वार्ता के माध्यम से डॉ. कुलदीप निगम ने आमजन से अपील की कि बरसात के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग भी लोगों को समय-समय पर जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रहा है, ताकि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।