Jaunpur News: आशीष सोनी का पीएम मोदी से संवाद, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में मिला राष्ट्रीय अवसर

Jaunpur News: जौनपुर के आशीष सोनी ने प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद में लिया हिस्सा, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में देशभर के 403 युवाओं में चयन।

Update:2026-07-26 21:21 IST

Jaunpur News

Jaunpur News: जौनपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) द्वारा गृह मंत्रालय एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से आयोजित 'विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम' के अंतर्गत देशभर से चयनित 403 युवा प्रतिभागियों में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के बदलापुर आशीष सोनी को आज प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में भाग लेने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ।

उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम 3 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित किया गया था, जिसमें देश के 245 जनपदों का प्रतिनिधित्व करने वाले 403 युवाओं ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड की 74 वाइब्रेंट सीमावर्ती ग्राम पंचायतों में जाकर वहां के जनजीवन, संस्कृति एवं विकास संबंधी गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। जौनपुर जनपद देश के उन चुनिंदा 245 जिलों में सम्मिलित रहा, जिनके प्रतिनिधियों को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम हेतु चयनित किया गया, तथा आशीष सोनी पूरे भारत से चयनित 403 प्रतिभागियों में से एक रहे।

गौरतलब है कि प्रतिभागियों का चयन एक राष्ट्रव्यापी क्विज़ प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया था, जिसमें देशभर से लगभग 2.7 लाख युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से मेधा एवं प्रदर्शन के आधार पर मात्र 403 प्रतिभागियों का अंतिम चयन किया गया। इस अत्यंत प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया में सफल होकर श्री आशीष सोनी को यह राष्ट्रीय अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के दौरान श्री आशीष सोनी ने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी स्थित काज़ा खास गांव का दौरा किया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश एवं लद्दाख के विभिन्न वाइब्रेंट सीमावर्ती गांवों में भेजा गया, जहां उन्होंने स्थानीय प्रशासन, आईटीबीपी एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

आज आयोजित वर्चुअल संवाद के दौरान माननीय प्रधानमंत्री जी ने आशीष सोनी से हिमाचल प्रदेश के हिक्किम स्थित विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर में उनके अनुभव के विषय में जिज्ञासा व्यक्त की। आशीष ने बताया कि उन्होंने हिक्किम डाकघर से स्वयं माननीय प्रधानमंत्री जी के नाम एक पत्र प्रेषित किया था। उन्होंने यह भी साझा किया कि समुद्र तल से 15,000 फुट से अधिक की ऊंचाई पर भी क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली पूर्णतः कार्यशील पाई गई, जो देश की सीमावर्ती एवं दुर्गम बस्तियों तक डिजिटल इंडिया मिशन की गहरी पहुंच को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

आशीष सोनी ने कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए तथा बताया कि किस प्रकार उन्होंने ग्रामीणों को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।


Tags:    

Similar News