Jhansi News: बाल अधिकारों की समीक्षा, बच्चों के संरक्षण पर दिया विशेष जोर

Jhansi News: एनसीपीसीआर सदस्य सचिव डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने अधिकारियों को बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर हुई चर्चा।

Update:2026-11-18 18:42 IST

बाल अधिकारों की समीक्षा, बच्चों के संरक्षण पर दिया विशेष जोर (Photo- Newstrack)

Jhansi News: झांसी। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य सचिव डॉ0 संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि बालकों से संबंधित मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को बाल संरक्षण आयोग द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने की बात भी कही। यह बात उन्होंने बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर आय़ोजित समीक्षा बैठक में कही है।

बैठक में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण के सदस्य सचिव डॉ0 संजीव शर्मा ने जनपद में बाल अधिकारों के क्षेत्र में किए गए नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण के लिए अनुकूल प्रशासनिक तंत्र, त्वरित सहायता प्रणाली और विभागीय समन्वय को दृढ़ता से किया जाना चाहिए। उन्होंने बाल संरक्षण के क्षेत्र में जिले में किए गए नवाचारों एंव घर-घर जाकर लोगों को महिला संरक्षण एवं बाल संरक्षण के संबंध में जागरूक करने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण के लिए जनजागरूकता सबसे महत्वपूर्ण पहलू है।

बैठक के दौरान किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा, बाल तस्करी, बाल श्रम तथा शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम सहित बाल अधिकारों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्य/सचिव ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी प्रावधानों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही की जाए।

बैठक में किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों तथा कानून से संघर्षरत बच्चों के मामलों में संवेदनशील, बाल हितैषी एवं विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बाल कल्याण समितियों, जिला बाल संरक्षण इकाइयों, संबंधित पुलिस इकाइयों एवं अन्य संस्थागत तंत्रों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश दिए गए साथ ही, जरूरतमंद बच्चों की पहचान, संरक्षण, पुनर्वास तथा उनके हित में समयबद्ध निर्णय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

बैठक में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक एवं शारीरिक विकास तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों की नियमित उपस्थिति, विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण, शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान तथा उनकी शिक्षा से पुनः जुड़ाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने, विद्यालयों में निर्धारित प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा में लाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं। अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन में आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

समीक्षा बैठक में संदीप तिवारी, एनसीपीसीआर, नई दिल्ली एवं सुधाकर चौधरी एनसीपीसीआर, नई दिल्ली ने भी विभिन्न अधिनियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण के संबंध में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी, सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ0 अरविंद कुमार, डीपीओ सुरेंद्र सिंह, डीआईओएस श्रीमती रति वर्मा, बीएसए जितेंद्र गौड़, डीओ मनीष गुप्ता, लिवर इंस्पेक्टर अरुण कुमार तिवारी सहित बाल अधिकार संरक्षण के क्षेत्र से जुड़े विभागीय अधिकारी एवं बाल संरक्षण आयोग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News