झांसी में गांजा तस्करों का गैंग पकड़ा, 46 लाख का माल बरामद; दो दंपति गिरफ्तार

Jhansi News: झांसी में RPF क्राइम विंग ने गांजा तस्करी के गैंग का पर्दाफाश किया है। पांच आरोपियों के पास से 92.934 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 46 लाख रुपये से अधिक है।

Update:2026-11-18 19:50 IST

Jhansi News: रेल सुरक्षा बल की क्राइम विंग टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। इस टीम ने स्थानीय फोर्स की मदद से गांजा तस्करों का गैंग पकड़ा है। इनमें दो दंपत्ति परिवार भी शामिल है। इनके पास से 46 लाख से अधिक का गांजा बरामद किया गया। यह गैंग काफी दिनों से गांजा तस्करी का कारोबार कर रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जेल भेजा गया।

रेल सुरक्षा बल के क्राइम विंग प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षी तौसीफ खान और गुरमीत सिंह मय टीम के साथ ऑपरेशन नारकोस के तहत गांजा तस्करों की तलाश में लगे थे, तभी सूचना मिली कि झांसी रेल मंडल के बांदा रेलवे स्टेशन के पास से ट्रेन क्रमांक 18203 बेतवा एक्सप्रेस आने वाली है। इस ट्रेन के ए-1 कोच में गांजा की तस्करी करने वाले पति-पत्नी समेत पांच लोग बैठे हुए हैं। इनमें एक लड़की भी शामिल है। इस सूचना पर आरपीएफ क्राइम विंग की टीम ने स्थानीय फोर्स की मदद से घेराबंदी की। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आरएमएस डॉक ऑफिस के सामने से पांच व्यक्तियों को पकड़ लिया। इनके पास से ट्रॉली, कैरी पिट्ठू बैग बरामद किए गए। इसके बाद बैगों व ट्रॉली खोली गई तो उनके अंदर गांजा के पैकेट भरे हुए थे।

आरपीएफ के मुताबिक ललितपुर के थाना पाली के ग्राम निवाहों निवासी आनंद नागाईच, उसकी पत्नी नेहा नागाईच, जालौन स्थित उरई के राजेंद्र नगर निवासी अतुल सोनी, उनकी पत्नी मीनाक्षी सोनी और छत्तीसगढ़ के रायपुर के थाना उसलापुर के ग्राम धमधा दुर्ग के पास रहने वाली मधु पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 92.934 किग्रा अवैध गांजा बरामद किया गया। इसकी कीमत 46 लाख से अधिक है।

अभियुक्तों ने बताया कि यह नाजायज गांजा है और वह उक्त गांजा को रायपुर/छत्तीसगढ़ से लेकर घाटमपुर/कानपुर जा रहें थे। वहां पर किसी व्यक्ति को उक्त गांजा को देना था। वह काफी दिनों से गांजा की तस्करी कर रहे हैं।

कैरियर का काम करते हैं अभियुक्त

अभियुक्तों ने बताया कि वह कैरियर का काम करते हैं। एक चक्कर के एक व्यक्ति को आठ से दस हजार रुपया मिलता है। जब अगर पति-पत्नी होते हैं तो उनके एक चक्कर के 20 हजार मिलते हैं। अभियुक्तों ने बताया कि वह काफी दिनों से गांजा की तस्करी कर रहे हैं।

इस टीम को मिली है सफलता

आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी, जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह आदि लोग शामिल रहे है।

Tags:    

Similar News