Jhansi News: गैंगस्टर समेत छह अभियुक्तों को सजा, जुर्माना भी लगाया गया
Jhansi News: गैंगस्टर एक्ट में तीन साल की सजा, एससी/एसटी एक्ट में एक साल का कारावास, जबकि बिजली चोरी, जुआ और सड़क हादसे के मामलों में भी अदालत ने सुनाया फैसला।
गैंगस्टर समेत छह अभियुक्तों को सजा, जुर्माना भी लगाया गया (Photo- Social Media)
Jhansi News: झांसी में अलग-अलग आपराधिक मामलों में अदालतों ने गैंगस्टर एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, बिजली चोरी, जुआ अधिनियम और सड़क हादसे से जुड़े मामलों में फैसला सुनाया है। गैंगस्टर एक्ट में दोषी पाए जाने पर एक अभियुक्त को तीन साल के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। वहीं, दलित को पीटने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के मामले में एक अभियुक्त को एक साल के सश्रम कारावास की सजा दी गई है। इसके अलावा चार अन्य अभियुक्तों को अदालत उठने तक की सजा और अर्थदंड से दंडित किया गया है।
गैंगस्टर एक्ट में तीन साल का कारावास
न्यायालय एडीजे-2/स्पेशल गैंगस्टर एक्ट ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में दोषी पाए जाने पर मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुरैचा निवासी अजय खंगार को तीन साल के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। मऊरानीपुर थाने की पुलिस ने अजय खंगार के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत कार्रवाई की थी। आरोप था कि अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर आम लोगों को धमकाता था और इलाके में आतंक फैलाता था। इस मामले में अभियुक्त पहले से ही जेल में बंद था। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
दलित को पीटने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने पर सजा
न्यायालय एससी/एसटी एक्ट ने दलित को पीटने और गाली-गलौज कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के मामले में अभियुक्त मोटे उर्फ सलमान को एक साल के सश्रम कारावास और 2500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। सदर बाजार थाने की पुलिस ने सदर बाजार थाना क्षेत्र के भट्टागांव स्थित परदेशी मोहल्ला निवासी मोटे उर्फ सलमान के खिलाफ धारा 504, 506 और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने अभियुक्त को अदालत में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बाद में पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अभियुक्त को दोषी मानते हुए यह सजा सुनाई।
बिजली चोरी और अन्य मामलों में भी सुनाया फैसला
वहीं, विभिन्न अदालतों ने चार अन्य अभियुक्तों को अदालत उठने तक की सजा और अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायालय एसीजे (जेडी) ने बिजली चोरी के मामले में प्रेमनगर थाना क्षेत्र की हरिजन कॉलोनी निवासी रविशंकर उर्फ पप्पू को जेल में बिताई गई अवधि के बराबर सजा और एक हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। मामला 33 केवी विद्युत उपकेंद्र चिरगांव से जुड़ा है। यहां के अवर अभियंता वीके श्रीवास्तव ने ग्राम बरल में छापा मारा था। इस दौरान रविशंकर बिजली के खंभे से बिजली चोरी करते पकड़ा गया था। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 379 और 411 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी अदालत ने चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मझगुंवा निवासी अंगद सिंह और शक्ति सिंह को भी धारा 379 और 411 के मामले में दोषी मानते हुए जेल में बिताई गई 43 दिन की अवधि की सजा सुनाई है। साथ ही दोनों पर दो हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
जुआ और सड़क हादसे के मामले में भी सजा
इसके अलावा न्यायालय सीजे/जेडी/एफटीसी-14 ने जुआ अधिनियम के तहत पकड़े गए अभियुक्त निवाड़ी के ग्राम पोहा निवासी राजू उर्फ भगवान दास प्रजापति को अदालत उठने तक की सजा और 300 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। बरुआसागर थाने की पुलिस ने उसे जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था।
वहीं, न्यायालय टहरौली ने सड़क हादसे के मामले में दोषी पाए जाने पर टहरौली थाना क्षेत्र निवासी नरेंद्र कुमार कुशवाहा को अदालत उठने तक की सजा और 2500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। टहरौली पुलिस ने नरेंद्र कुमार के खिलाफ सड़क हादसे के संबंध में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उसे दोषी मानते हुए यह फैसला सुनाया।