Jhansi News: बुंदेलखंड कॉलेज में दो दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ

Jhansi News: बुंदेलखंड कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम 2026 का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ।

Update:2026-08-14 15:45 IST

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: बुन्देलखण्ड कॉलेज, झाँसी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो दिवसीय ’‘दीक्षारम्भ कार्यक्रम 2026’’ के द्वितीय दिवस का आयोजन आज उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। 13 एवं 14 अगस्त को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न सुविधाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारम्भ ’माँ सरस्वती के माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन’ से हुआ। इस अवसर पर प्रोफेसर नूतन अग्रवाल, प्रोफेसर मंजरी दमेले, डॉ. ए.पी.एस. गौतम, डॉ. सारांश लोहिया तथा डॉ. रामानन्द जायसवाल ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ’प्रोफेसर मंजरी दमेले’ ने दीक्षारम्भ कार्यक्रम की आवश्यकता एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन की प्रकृति तथा उच्च शिक्षा के उद्देश्यों से परिचित कराया। प्रो. नूतन अग्रवाल ने महाविद्यालय की ’कॉलेज मैगज़ीन तथा शैक्षणिक वातावरण’ के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को लेखन, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। डॉ. ए.पी.एस. गौतम ने विद्यार्थियों को ’खेल, योग एवं शारीरिक स्वास्थ्य’ के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने स्वस्थ शरीर को स्वस्थ जीवन और बेहतर अध्ययन के लिए आवश्यक बताया। प्रो. स्मिता जायसवाल ने विद्यार्थियों के ’मानसिक स्वास्थ्य एवं सामान्य कल्याण’ से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने युवावस्था, संबंधों, आत्मसम्मान तथा भावनात्मक संतुलन जैसे विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में डॉ. ब्रजेश मिश्रा ने ’फोर ईयर अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम’ के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम की संरचना, शैक्षणिक विकल्पों, क्रेडिट व्यवस्था, विभिन्न चरणों तथा उच्च शिक्षा एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न पहलुओं को रुचि के साथ समझा।

डॉ. अरविंद परमार ने ’महाविद्यालय के पुस्तकालय एवं पुस्तकों की प्रासंगिकता’ पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. वंदना कुशवाहा ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाले ’सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा रोवर एवं रेंजर गतिविधियों’ की जानकारी दी। डॉ. रामानन्द जायसवाल, डॉ. रामनारायण एवं डॉ. संजीव शेखर सिंह ने विद्यार्थियों को ’राष्ट्रीय सेवा योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने एनएसएस की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा सामाजिक सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के अवसरों से विद्यार्थियों को परिचित कराया। विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

डॉ0 सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों को SWAYAM Portal की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में SWAYAM की उपयोगिता तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न ऑनलाइन पाठ्यक्रमों और सीखने के अवसरों के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान ’रोवर एवं रेंजर के विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक एवं समूह नृत्य’ प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों से ’फीडबैक’ लिया गया। अनेक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि दीक्षारम्भ कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न गतिविधियों तथा उपलब्ध सुविधाओं को समझने में सहायता मिली। इस अवसर पर महाविद्यालय के सम्मानित शिक्षक ’प्रो. नवेंद्र सिंह, प्रो. नीलम सिंह, प्रो. अश्विनी कुमार सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। दो दिवसीय ’दीक्षारम्भ कार्यक्रम 2026’ के समापन सत्र में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रो. एस.के. राय ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लगन, अनुशासन एवं निरंतर अध्ययन के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। बुन्देलखण्ड कॉलेज, झाँसी में आयोजित ’दो दिवसीय दीक्षारम्भ कार्यक्रम 2026’ नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक उपयोगी शैक्षणिक एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम के रूप में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों में ’अध्ययन, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण’ की भावना को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Tags:    

Similar News