Jhansi News: मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के 43 हजार से अधिक लाभार्थी, 13 करोड़ की सहायता वितरित
Jhansi News: झांसी में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 43 हजार से अधिक बालिकाओं को लाभ मिला है। योजना के अंतर्गत अब तक 13 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है, जिससे बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है।
Jhansi News
Jhansi News: बेटियों की बेहतर शिक्षा और परवरिश के लिए चलाई जा रही योगी सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना झांसी जिले में बेटियों के लिए मददगार और प्रेरक साबित हो रही है। योजना के लागू होने के बाद से अभी तक झांसी जिले में 43,145 बालिकाओं को योजना में शामिल करते हुए उन्हें लाभान्वित किया गया है। जनपद में योजना के अंतर्गत लाभार्थी बालिकाओं को अभी तक 13.18 करोड़ रूपये की आर्थिक मदद प्रदान की जा चुकी है।
योगी सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के सम्बन्ध में सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र लाभार्थियों का चिह्नांकन करने और उन्हें योजना का लाभ दिलाने का कार्य निरंतर अभियान के रूप में संचालित किया जाए। सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया जाये। सरकार की कोशिशों से योजना के लाभार्थियों की संख्या में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में लाभार्थी बालिका को छह श्रेणियों में 25 हजार रूपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। बालिका के जन्म पर 5000, एक साल तक के पूर्ण टीकाकरण पर 2000, कक्षा 1 में प्रवेश पर 3000, कक्षा 6 में प्रवेश पर 3000, कक्षा 9 में प्रवेश पर 5000 और 10वीं या 12 वीं पास करके स्नातक या 2 वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने पर 7000 रूपये प्रदान किया जाता है। आवेदन करने वाली बालिका उत्तर प्रदेश की निवासी हो उसके परिवार की आय तीन लाख रूपये से कम हो। एक परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं को ही योजना का लाभ दिया जा सकता है। लाभार्थी परिवार में अधिकतम दो बच्चे होने चाहिए। योजना के छह श्रेणियों में से किसी भी स्तर पर पात्र लाभार्थी बालिका की ओर से आवेदन किया जा सकता है।
झांसी के जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि जिले में अभी तक 43,145 लाभार्थी बालिकाओं को इस योजना से लाभान्वित किया गया है और 13.18 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई है। बालिकाओं के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार इस योजना को क्रियान्वित कर रही है। बालिका के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने तक 6 श्रेणियों में कुल 25,000 रूपये की धनराशि प्रदान की जाती है।