Jhansi News: झांसी में किराए पर दर्जनों गाड़ियां लेकर गैंग फरार: लाखों का नुकसान,पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस से लगाई गुहार
Jhansi News: झांसी में एक गिरोह ने किराए पर लेकर दर्जनों गाड़ियां गायब कर दीं। लाखों का नुकसान झेल रहे वाहन मालिकों ने पुलिस से गुहार लगाई है।
Jhansi News
Jhansi News: हर में वाहन किराए पर देने वाले कई लोगों के साथ बड़ा धोखा हुआ है। एक शातिर गैंग ने दर्जनों गाड़ियां किराए पर लेकर उन्हें गायब कर दिया। घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ागांव गेट इलाके की है, जहाँ गाड़ियों के मालिकों ने एक शख्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने किराए पर गाड़ियां चलाने के नाम पर कई वाहन मालिकों से एग्रीमेंट किया था। इसके बाद करीब तीन दर्जन से अधिक गाड़ियां अपने कब्जे में ले लीं।
शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन बीते पांच दिन से न तो गाड़ियां वापस आईं और न ही आरोपी से कोई संपर्क हो सका।पीड़ित वाहन मालिकों ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन भी अब स्विच ऑफ मिल रहा है। गाड़ियां गायब होने से सभी को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। वाहन मालिकों का कहना है कि गाड़ियां ही उनकी रोजी-रोटी का साधन थीं, जिन्हें किराए पर चलवाकर वे परिवार का भरण-पोषण करते थे।
जब आरोपियों से किसी भी तरह का संपर्क संभव नहीं हो पाया, तो सभी पीड़ित एकजुट होकर शहर कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो झाँसी में ही नहीं बल्कि अन्य जिलों में भी सक्रिय हो सकता है।वाहन मालिकों ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनकी गाड़ियां बरामद की जाएं, ताकि उन्हें और अधिक आर्थिक क्षति न उठानी पड़े।पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामले की गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।