Kanpur: अकबरपुर में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला की अगुवाई में तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के अकबरपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
Kanpur Dehat News
Kanpur Dehat News: स्वतंत्रता दिवस से पहले कानपुर देहात के अकबरपुर कस्बे में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे अकबरपुर कस्बे में देशभक्ति के गीत और नारों की गूंज सुनाई दी। यात्रा के माध्यम से लोगों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को याद किया गया।राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि 15 अगस्त को मिली आजादी अनगिनत बलिदानों, त्याग और तपस्या का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की आन, बान और शान को हमेशा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति और त्याग का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित कराना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान समेत कई पदाधिकारी रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में भाजपा कानपुर देहात की जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने तिरंगा यात्रा की सराहना करते हुए लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।यात्रा के दौरान अकबरपुर कस्बे में जगह-जगह लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।