Kanpur Dehat News : गजनेर में बड़ा हादसा, मामूली विवाद में टैंकर चालक की मौत
Kanpur Dehat News :गजनेर के HPCL डिपो में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, टैंकर चालक की मौत के बाद परिजनों और चालकों का प्रदर्शन
Kanpur Dehat Incident
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो में बुधवार को मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक टैंकर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद डिपो परिसर में भारी हंगामा खड़ा हो गया और परिजनों के साथ अन्य टैंकर चालकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर-गोगुमऊ स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो में टैंकर चालक अर्जुन और डिपो के मुनीम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल गरमा गया। इसी दौरान हादसा हो गया, जिसमें 22 वर्षों से टैंकर चला रहे चालक अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान चालक को टैंकर से कुचलने की धमकी दी गई थी और उसी के बाद यह हादसा हुआ। घायल अर्जुन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना से नाराज परिजनों और टैंकर चालकों ने डिपो परिसर में हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग शुरू कर दी।
किसान यूनियन के नेतृत्व में प्रदर्शन और तेज हो गया, जिससे डिपो क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।