निरीक्षण करने पहुंचे डीएम कपिल सिंह बने क्रिकेटर, बच्चों संग खेला मैच, वीडियो वायरल
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे DM Kapil Singh बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने लगे। मैदान पर उनका यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
Kanpur Dehat News: आमतौर पर जिलाधिकारी का नाम सुनते ही एक सख्त प्रशासनिक अधिकारी की छवि दिमाग में उभरती है, लेकिन कानपुर देहात के डीएम कपिल सिंह का एक बेहद सरल और प्रेरक अंदाज देखने को मिला है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत मतदान केंद्रों का जायजा लेने निकले जिलाधिकारी जब अकबरपुर इंटर कॉलेज पहुंचे, तो वहां बच्चों को क्रिकेट खेलता देख खुद को रोक नहीं पाए।
प्रोटोकॉल और आधिकारिक व्यस्तताओं से दूर डीएम कपिल सिंह सीधे मैदान में उतरे और बच्चों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका जमकर उत्साहवर्धन किया। अपने बीच जिलाधिकारी को इस सहज अंदाज में खेलता देख बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
खेल के बाद डीएम ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने नन्हे खिलाड़ियों को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, "खेल केवल शरीर को ही स्वस्थ नहीं रखते, बल्कि ये हमारे अंदर अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व करने की क्षमता भी पैदा करते हैं।"
उन्होंने युवाओं और छात्रों से नियमित अभ्यास करने, कड़ी मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने का आह्वान किया। जिलाधिकारी के इस अनोखे और मिलनसार अंदाज की अब हर तरफ सराहना हो रही है। इस अवसर पर एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पांडेय और तहसीलदार अकबरपुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।