Kanpur: दहेज की भेंट चढ़ी नवविवाहिता! शादी के 10 महीने बाद संदिग्ध मौत, आठ दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा

Kanpur News: कानपुर में नवविवाहिता दीक्षा चतुर्वेदी की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का केस आठ दिन बाद दर्ज

Update:2025-10-25 21:49 IST

दहेज की भेंट चढ़ी नवविवाहिता! शादी के 10 महीने बाद संदिग्ध मौत  (photo: social media )

Kanpur News: सचेण्डी थाना क्षेत्र में दहेज की मांग ने एक और नवविवाहिता की जान ले ली। शादी के महज आठ महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में दीक्षा चतुर्वेदी की मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति सहित ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। घटना के आठ दिन बाद पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की मां मीरा मिश्रा के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी दीक्षा की शादी 21 जनवरी 2025 को सचेण्डी क्षेत्र के रामसिंह पुरवा निवासी अर्पित चतुर्वेदी से की थी। शादी के बाद से ही अर्पित शराब के नशे में दीक्षा से मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर वह उसे पीटता और मानसिक रूप से परेशान करता था।

दीक्षा की तबीयत बिगड़ गई

मीरा मिश्रा ने बताया कि 15 अक्टूबर को जब वह बेटी से मिलने ससुराल गईं, तो सास और ननद ने दीक्षा को कमरे में बंद कर दिया और दो घंटे तक मिलने नहीं दिया। 17 अक्टूबर को दीक्षा से आखिरी बार बात हुई थी, तब वह बिल्कुल ठीक थी। लेकिन 18 अक्टूबर की सुबह अचानक सूचना मिली कि दीक्षा की तबीयत बिगड़ गई है। कुछ देर बाद हैलट अस्पताल से खबर आई कि उसकी मौत हो चुकी है। मीरा मिश्रा का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उनकी बेटी की सुनियोजित हत्या की गई।

एसीपी पनकी ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर 24 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया है। ससुराल पक्ष से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News