औरैया के किसान का कमाल, गोबर गैस से चला दिया बोरवेल का इंजन, बाइक और ट्रैक्टर भी दौड़ाए

Kanpur News: औरैया के किसान कवीन्द्र सिंह ने गोबर से बायोगैस तैयार कर बोरवेल का इंजन चलाया। गैस को शुद्ध कर ट्रैक्टर, कार और बाइक चलाने का प्रयोग भी किया।

Update:2026-11-14 23:54 IST

फोटो-सोशल मीडिया

Kanpur News: औरैया के किसान कवीन्द्र सिंह ने गोबर को ऊर्जा के स्रोत में बदलने की तकनीक विकसित कर गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल की है। उन्होंने छोटे बायोगैस प्लांट के जरिए गोबर से गैस तैयार कर बोरवेल का इंजन करीब 10 घंटे तक चलाकर दिखाया। इतना ही नहीं, बायोगैस को शुद्ध कर सीएनजी के रूप में ट्रैक्टर, कार और मोटरसाइकिल भी चला चुके हैं।

कटघरा ब्रह्मनाथ गांव निवासी कवीन्द्र ने पांच भैंसों के गोबर से तीन-तीन घनमीटर के दो प्लांट लगाए हैं।

एक कुंतल गोबर से तैयार करीब 20 किलो गैस से बोरवेल का इंजन 10 घंटे चला। इसमें केवल चार प्रतिशत डीजल की जरूरत पड़ी। स्नातक कवीन्द्र ने वर्ष 2014 में किताबों से बायोगैस बनाने की तकनीक सीखी थी। करीब 70 हजार रुपये की लागत से तैयार होने वाले तीन घनमीटर के प्लांट अब वह यूपी के अलावा पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी लगा रहे हैं। अब तक करीब 20 प्लांट स्थापित कर चुके हैं।

वैकल्पिक ऊर्जा का मॉडल विकल्प फार्म

कानपुर के बिधनू स्थित पलरा ढोढर गांव का 45 एकड़ में फैला विकल्प फार्म भी खेती और ऊर्जा के नए प्रयोगों का केंद्र बन रहा है। फार्म पर सौर ऊर्जा, बायोगैस और बैलों से कृषि उपकरण चलाए जा रहे हैं। यहां बैटरी चालित ब्रश कटर से फसल काटी जाती है। सौर ऊर्जा से चलने वाला थ्रेसर धान की मड़ाई के साथ भूसा भी तैयार करता है। गोबर गैस से आठ परिवारों की जरूरतें पूरी हो रही हैं। गैस को सीबीजी में बदलने के लिए कन्वर्टर भी लगाया गया है।

Tags:    

Similar News