थार कांड में गीता सचान की रिहाई के बाद पिता ने तोड़ी चुप्पी, बोले- 'मेरी बेटी ने जानबूझकर नहीं किया'

Kanpur Thar Case: कानपुर के थार हिट एंड रन मामले में 60 वर्षीय LIC एजेंट की मौत के आरोपी गीता सचान को कोर्ट ने निजी मुचलके पर रिहा कर दिया है। अदालत ने पुलिस से हत्या की धारा लगाने का आधार पूछा। वहीं, गीता के पिता ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतक के परिवार से माफी मांगी।

Update:2026-11-10 13:35 IST

Kanpur Thar Case

Kanpur Thar Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर में थार गाड़ी से हुए जानलेवा सड़क हादसे (Hit and Run Case) का मामला लगातार चर्चा में है। 60 वर्षीय LIC एजेंट की मौत के मामले में गिरफ्तार गीता सचान को कोर्ट से राहत मिल गई है। अदालत ने उन्हें निजी मुचलके (Personal Bond) पर रिहा करने का आदेश दिया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कानपुर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और पूछा कि सड़क दुर्घटना के मामले में हत्या की धारा के तहत मुकदमा क्यों दर्ज किया गया? आखिर पुलिस ने दुर्घटना के इस मामले को हत्या का केस किस आधार पर माना? इस बीच गीता सचान के पिता अशोक कुमार भी सामने आए हैं। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए मृतक के परिवार से माफी मांगी है।

कोर्ट ने पुलिस से पूछा- हादसे में हत्या की धारा क्यों लगाई?

कानपुर में थार गाड़ी से हुए हादसे में 60 साल के LIC एजेंट की कुचलकर मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने गीता सचान को गिरफ्तार किया था। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की ओर से हत्या की धारा लगाए जाने पर सवाल उठाया। कोर्ट ने पूछा कि जब मामला सड़क दुर्घटना का है तो इसमें हत्या का मुकदमा किस आधार पर दर्ज किया गया? अदालत की इस टिप्पणी के बाद पुलिस की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में आ गई है। हालांकि, निजी मुचलके पर रिहाई का मतलब मामले में दोषमुक्त होना नहीं है।

'मुझे पूरे तन-मन से अफसोस है, लेकिन उसे वापस नहीं ला सकता'

इस मामले के बीच आरोपी गीता सचान के पिता अशोक कुमार ने अपनी बेटी की ओर से हुई घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह उस परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं, जिसने इस हादसे में अपने सदस्य को खो दिया। अशोक कुमार ने कहा, "मुझे पूरे तन-मन से अफसोस है, लेकिन मेरी मजबूरी भी है कि मैं उसे वापस नहीं ला सकता। यह एक हादसा है। इस हादसे में किसी ने जानकर किसी तरह का काम नहीं किया है। कोई जानकर ऐसा क्यों करेगा?"

उन्होंने आगे कहा कि दीपावली जैसे शुभ अवसर पर जिस तरह उस परिवार की खुशियां खत्म हुईं, उससे वह बेहद दुखी हैं। इसके लिए वह माफी भी मांगते हैं।

'दुख में मेरे परिवार ने भी दीपावली नहीं मनाई'

अशोक कुमार ने बताया कि हादसे के बाद उनके परिवार ने भी दीपावली का त्योहार नहीं मनाया। उनका कहना है कि जिस परिवार ने अपना सदस्य खोया है, उसकी पीड़ा को वह समझ सकते हैं। उन्होंने बताया कि घर में दीपावली के लिए दीये, बाती, मोमबत्तियां, गट्टे-खिलौने और पूजा की अन्य सामग्री खरीदी गई थी, लेकिन हादसे के बाद पूरा सामान वैसे ही रखा रह गया।

उन्होंने कहा कि परिवार में किसी ने भी दीप नहीं जलाया और न ही पटाखे फोड़े। उनकी छोटी बेटी ने त्योहार के नाम पर केवल दो-तीन दीप जलाए थे। अशोक कुमार के मुताबिक, परिवार ने इस बार किसी तरह की खुशी नहीं मनाई।

'मेरी बेटी पहली बार गाड़ी नहीं चला रही थी'

गीता सचान के पिता ने यह भी कहा कि उनकी बेटी पहले भी गाड़ी चलाती रही है और वह दिल्ली से अक्सर खुद गाड़ी चलाकर घर आती थी। उनके मुताबिक, बेटी के पास गाड़ी से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद थे, इसलिए उसे गाड़ी दी गई थी। वह अपनी पढ़ाई पूरी करके हाल ही में घर लौटी थी और पहले भी बड़ी गाड़ी चलाती रही है।

अशोक कुमार ने कहा कि उन्हें इस तरह के हादसे की कोई आशंका नहीं थी। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना बताते हुए कहा कि अच्छे-अच्छे लोगों से भी ऐसे हादसे हो जाते हैं।

Tags:    

Similar News