Kasganj News: कासगंज में 15 दिन का जनजागरूकता अभियान, मंत्री ने की समीक्षा
Kasganj News: प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने 5 से 21 जून तक चलने वाले जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए।
कासगंज में 15 दिन का जनजागरूकता अभियान, मंत्री ने की समीक्षा (Photo- Newstrack)
Kasganj News: केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के सफल संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, कासगंज में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों की तैयारियों तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगा विशेष जोर
प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 05 जून से 21 जून 2026 तक चलने वाला यह अभियान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार ही नहीं किया जाएगा, बल्कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम सेवा, सुशासन, संस्कार और सम्मान के मूल भाव के अनुरूप संचालित किए जाएं तथा आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उसे पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
विकास प्रदर्शनी और पर्यावरण कार्यक्रमों को मिलेगा विशेष महत्व
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विकास प्रदर्शनी के भव्य आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस और आगामी पौधारोपण कार्यक्रमों को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए तथा पौधारोपण कार्यक्रमों को उत्सव के रूप में मनाया जाए।
जनकल्याण शिविरों के प्रचार-प्रसार पर दिया जोर
प्रभारी मंत्री ने भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा से विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने को कहा ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने प्राकृतिक खेती कार्यशाला के लिए आमंत्रित किए जाने वाले किसानों की सूची उपलब्ध कराने और पूरे अभियान को माइक्रो प्लानिंग के आधार पर संचालित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित होने वाली चौपालों के दौरान अधिकारियों द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस से होगी अभियान की शुरुआत
बैठक में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि अभियान की शुरुआत 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों के साथ होगी। उन्होंने बताया कि 08 जून से 14 जून तक नगर निकाय क्षेत्रों की चयनित मलिन बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जनसमस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के मीडिया संवाद के बाद होगी जनपद स्तर पर प्रेस वार्ता
जिलाधिकारी ने अभियान की रूपरेखा से अवगत कराते हुए बताया कि 12 और 13 जून को प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जनपद स्तर पर प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से अभियान की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 14 जून से 16 जून तक जनपद के सभी विकास खंडों में त्रि-दिवसीय जनकल्याण मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे और संबंधित लीफलेट वितरित किए जाएंगे।
प्रबुद्ध महानुभाव करेंगे विकास खंडों का भ्रमण
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 और 17 जून को राज्य स्तर पर चयनित विभिन्न विधाओं के प्रबुद्ध महानुभाव जनपद के तीन विकास खंडों का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा अभियान अवधि के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन, ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैलियां, साइकिल यात्राएं और पैदल यात्राएं भी आयोजित की जाएंगी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होगा अभियान का समापन
जिलाधिकारी ने बताया कि समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक आयोजन के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद, विकासखंड और ग्राम स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), प्रभागीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।