Kaushambi News: तीन साल बाद थाना परिसर में मिली चोरी की बाइक, फाइनल रिपोर्ट पर उठे सवाल, पुलिस घिरी

Kaushambi News: कौशांबी में तीन साल पहले चोरी हुई बाइक थाना परिसर में मिली। फाइनल रिपोर्ट पर उठे सवाल, पुलिस की कार्यप्रणाली पर संदेह।

Update:2026-04-21 13:30 IST

Kaushambi News: थाना पश्चिम शरीरा क्षेत्र में तीन वर्ष पूर्व चोरी हुई एक मोटरसाइकिल पुलिस के ही थाना परिसर में खड़ी मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में पुलिस ने पहले चोरी का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन बाद में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई। अब वही मोटरसाइकिल थाना परिसर में मिलने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाकरगंज निवासी अशोक सिंह पुत्र गोविंद सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि वह ग्राम गोसपुर टिकरी में संत निरंकारी आश्रम के पास अपना मकान बनवा रहे थे। उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (संख्या MH 31 BL 7064) घर के अंदर खड़ी थी। पीड़ित के अनुसार, 12/13 मार्च 2023 की रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल समेत अन्य बिजली के उपकरण चोरी कर लिए। अगले दिन जब वह मौके पर पहुंचे तो दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली और सामान गायब था। इस संबंध में पीड़ित ने 4 अप्रैल 2023 को थाना पश्चिम शरीरा में शिकायत दर्ज कराई थी।

एनसीआरबी (IIF-1) रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में आरोपी अज्ञात दर्ज किया गया था और चोरी की संपत्ति में मोटरसाइकिल का उल्लेख था। हालांकि, पुलिस ने बाद में इस केस में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। अब, तीन साल बाद वही मोटरसाइकिल थाना परिसर में खड़ी मिलने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल यह उठ रहा है कि जब वाहन बरामद हो चुका था, तो फाइनल रिपोर्ट क्यों लगाई गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते गंभीरता दिखाई होती, तो चोरी करने वाले आरोपियों तक पहुंचा जा सकता था। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोग चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News