अखिलेश यादव के घोषणा पत्र पर केशव मौर्य का तंज, बोले- 2027 में पंचर होगी साइकिल

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को 'ढकोसलापत्र' बताया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए 2027 के चुनाव में साइकिल पंचर होने की बात कही है।

Update:2026-11-26 19:00 IST

Keshav Prasad Maurya

UP Election 2027: समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के घोषणा पत्र को ‘ढकोसलापत्र’ करार देते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी सत्ता से दूर होने के बाद झूठे वादों के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

"झूठ और छलावे का ‘ढकोसलापत्र’ सपा का घोषणापत्र"

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा का चुनावी घोषणापत्र कोई घोषणापत्र नहीं, बल्कि झूठ और छलावे का ‘ढकोसलापत्र’ है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए सपा ने सुशासन, विकास और कानून-व्यवस्था की कोई सुध नहीं ली, लेकिन अब सत्ता-वियोग में वादों के पहाड़ खड़े करने का नाटक किया जा रहा है।

"सत्ता वियोग में झूठे वादों की दुकान खोलनी पड़ी है"

डिप्टी सीएम ने सपा शासनकाल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता यह नहीं भूली है कि सपा सरकार के दौरान गुंडाराज और अपराधियों को संरक्षण देने का माहौल था। ऐसे में सपा से सुरक्षा और सुशासन की उम्मीद करना बेकार है। केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि सत्ता-वियोग में इतने विचलित नहीं होना चाहिए कि झूठे वादों की दुकान खोलनी पड़े। उन्होंने दावा किया कि यूपी की जनता सपा और उसकी सरकारों के पुराने कार्यकाल को अच्छी तरह जानती है।

"2027 में साइकिल होगी पंचर"

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 2027 में साइकिल पंचर होगी और सुशासन, विकास व सुरक्षा का कमल खिलेगा। डिप्टी सीएम के इस बयान को सपा के चुनावी वादों के खिलाफ बीजेपी के राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।

Tags:    

Similar News