कुशीनगर: दो दुकानों से नगदी, पनीर व मिठाइयां चोरी, घर में भी प्रयास; व्यापारियों का प्रदर्शन

Kushinagar News: कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया में चोरों ने दो दुकानों से नगदी, पनीर और मिठाइयां उड़ाईं व घर में चोरी का प्रयास किया। व्यापारियों ने किया प्रदर्शन।

Update:2026-11-29 12:51 IST

Kushinagar News: नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुजौली शुक्ल चौराहे पर बीती रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर नगदी और सामान चोरी कर लिया। वहीं, एक घर का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास भी किया गया। लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। नाराज व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, भुजौली शुक्ल चौराहे पर स्थित मिठाई दुकानदार मुन्नीलाल कुशवाहा की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान से आठ हजार रुपये नकद, करीब 11 किलो पनीर तथा लगभग दस हजार रुपये मूल्य की मिठाइयां चोरी कर ली गईं। इसके अलावा मुनेब भंडारी के ठेले का शीशा तोड़कर चोर करीब एक हजार रुपये का सामान उठा ले गए। चोरों ने चौराहे के समीप एक घर का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास भी किया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश साहनी ने पुलिस टीम के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा चोरी की घटनाओं से संबंधित जानकारी जुटाई।

घटना से नाराज व्यापारियों ने चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापारियों का कहना है कि चौराहे पर रात के समय पुलिस की निगरानी प्रभावी होनी चाहिए, ताकि दुकानों और घरों को चोरी की घटनाओं से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से चोरी की घटनाओं का शीघ्र पर्दाफाश करने, चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।पुलिस ने घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करेगी।

Tags:    

Similar News