Kushinagar News: दुष्कर्म केस में बड़ा खुलासा: निर्दोष हेडमास्टर को क्लीन चिट, असली आरोपी गिरफ्तार
Kushinagar News: कुशीनगर में 5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले में बड़ा खुलासा। हेडमास्टर को क्लीन चिट मिली, जबकि असली आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।
Kushinagar News(Photo-Social Media)
Kushinagar News: तरया सुजान थाना क्षेत्र के बिरवट कोन्हवलिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली पांच वर्षीय छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म की घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। प्रारंभिक चर्चाओं में विद्यालय के हेडमास्टर नाइमुद्दीन अंसारी पर आरोप लगाए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई और मामला साम्प्रदायिक रंग लेने लगा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। हालांकि, जांच के दौरान मामले ने नया मोड़ ले लिया। पुलिस की सूझबूझ और गहन जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस जघन्य अपराध के पीछे कोई और व्यक्ति शामिल है। जांच के आधार पर पुलिस ने उसी गांव के निवासी सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने मासूम बच्ची को आम देने के बहाने अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसे ब्लीडिंग होने लगी, जिससे परिजन घबरा गए। पीड़िता को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इस संवेदनशील मामले में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने निष्पक्षता और सतर्कता का परिचय देते हुए पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कराई। जांच में हेडमास्टर नाइमुद्दीन अंसारी को पूरी तरह निर्दोष पाया गया, जिसके बाद उन्हें क्लीन चिट देकर बरी कर दिया गया। वहीं, असली आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस निष्पक्ष कार्रवाई से न केवल एक निर्दोष शिक्षक को न्याय मिला, बल्कि शिक्षक समाज को भी बेवजह बदनाम होने से बचा लिया गया। स्थानीय लोगों और विभिन्न शिक्षक संगठनों ने पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।