Lakhimpur News: ग्लोबल टाइगर डे पर दुधवा में विशेष अभियान, 11 हजार किमी क्षेत्र में हुई पेट्रोलिंग

Lakhimpur kheri News: ग्लोबल टाइगर डे के अवसर पर दुधवा टाइगर रिजर्व में 24 घंटे की विशेष लांग पेट्रोलिंग की गई। अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने 11 हजार किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में गश्त कर वन एवं वन्यजीव सुरक्षा का संदेश दिया।

Update:2026-07-28 18:35 IST

Lakhimpur Kheri News

Lakhimpur Kheri News: ग्लोबल टाइगर डे के अवसर पर दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विशेष लांग पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। 27 और 28 जुलाई को आयोजित 24 घंटे की अनवरत पेट्रोलिंग में अधिकारियों और कर्मचारियों ने चार पहिया वाहन, दोपहिया वाहन, हाथी, ट्रैक्टर, नाव और पैदल माध्यमों से 11 हजार किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में गश्त की।

दुधवा टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक जगदीश आर. के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक दिन में 1400 किलोमीटर से अधिक पैदल गश्त भी की। अभियान का उद्देश्य वन क्षेत्र और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति विभागीय कर्मचारियों की सक्रियता, सतर्कता और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना था।अभियान के तहत विभिन्न रेंजों में टीमों का नेतृत्व संबंधित क्षेत्रीय वन अधिकारियों ने किया। बेलरायां रेंज में राकेश कुमार तिवारी, उत्तर सोनारीपुर रेंज में प्रशांत कुमार सोनी, बनकटी रेंज में क्षेत्रपाल सिंह, गौरीफंटा रेंज में श्विकास वर्मा, सठियाना रेंज में अभिषेक सिगतिया, दक्षिण सोनारीपुर रेंज में अखिलेश कुमार शर्मा, दुधवा रेंज में रितेश पटेल, किशनपुर रेंज में मो. अयूब और मैलानी रेंज में नवीन दिवाकर के नेतृत्व में पेट्रोलिंग और निगरानी की गई।इसके अलावा प्रभागीय स्तर से क्षेत्रीय वन अधिकारी और पर्यटन रेंज सुरक्षा दल प्रभारी भी अपनी टीमों के साथ गश्त में शामिल रहे।

पूरे अभियान की निगरानी वन्यजीव प्रतिपालक दुधवा महावीर सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी बेलरायां दीपक कुमार पांडेय सहित अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा की गई।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दुधवा टाइगर रिजर्व में प्रतिदिन वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त की जाती है और इसकी उच्चाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जाती है। सुरक्षा दल समय-समय पर औचक निरीक्षण भी करता है। ग्लोबल टाइगर डे पर सभी रेंजों में एक साथ निर्धारित समय पर शुरू और समाप्त की गई यह विशेष पेट्रोलिंग अराजक तत्वों को सख्त संदेश देने के उद्देश्य से की गई।दुधवा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने बताया कि एक ही दिन में 11 हजार किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में पेट्रोलिंग और 1400 किलोमीटर से अधिक पैदल गश्त वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति विभागीय टीमों की सजगता, अनुशासन और समर्पण को दर्शाती है।

Tags:    

Similar News