Lakhimpur Kheri News: अवैध खनन के दौरान मिट्टी धंसने से युवक की मौत, हत्या का केस दर्ज करने की मांग

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में कथित अवैध खनन के दौरान मिट्टी धंसने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Update:2026-06-26 14:37 IST

Lakhimpur Kheri News(Photo-Social Media)

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जनपद के कोतवाली सदर (Kotwali Sadar) क्षेत्र के रामापुर (Ramapur) में चल रहे कथित अवैध खनन (Illegal Mining) के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से एक 25 वर्षीय युवक उसकी चपेट में आ गया और तड़प-तड़पकर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को मिट्टी से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम (Postmortem) के लिए भेज दिया।

मिट्टी धंसने से युवक की चली गई जान

मिली जानकारी के अनुसार, सलेमपुर कोन (Salempur Kon) निवासी मन्नू का 25 वर्षीय बेटा पंकज कुमार (Pankaj Kumar) रामापुर में चल रहे मिट्टी खनन के दौरान हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि तालाब में मिट्टी भरने के लिए जेसीबी से खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया और पंकज उसके नीचे दब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन जब तक उसे मिट्टी से निकाला जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने लगाया काम के बहाने बुलाकर मौत के मुंह में धकेलने का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव के ही मनोज ने पंकज को काम के बहाने घर से बुलाया था और उसी के बाद यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि अवैध खनन के दौरान मिट्टी का पहाड़ अचानक धंस गया, जिससे पंकज जिंदा दफन हो गया। परिजनों का आरोप है कि यह केवल हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही का परिणाम है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

हादसे के बाद ग्रामीणों में फूटा गुस्सा

घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और अवैध खनन को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम अवैध खनन का कारोबार चल रहा है और इसकी कीमत गरीब लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

खनन माफियाओं पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

बिलखते परिजनों ने मनोज समेत कथित खनन माफियाओं (Mining Mafia) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि अवैध खनन के कारण ही पंकज की जान गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News