Lakhimpur kheri News: खीरी में पुलिस मुठभेड़ के बाद अंतर्जनपदीय चोर गिरोह गिरफ्तार, एक बदमाश घायल
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के मितौली क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
Lakhimpur kheri News
Lakhimpur Kheri News: थाना मितौली पुलिस को शुक्रवार तड़के उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब पुलिस मुठभेड़ के दौरान विभिन्न जनपदों में सक्रिय एक अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध बंदूक, कारतूस, चोरी का माल एवं एक कार बरामद की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 4:35 बजे थाना मितौली पुलिस दतेली-अवगावां मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।पुलिस ने मौके से घायल बदमाश सूरज पुत्र छोटेलाल, निवासी थाना कोतवाली नगर, जनपद सीतापुर, समेत उसके दो साथियों अबरार पुत्र इकबाल, निवासी ग्राम सिसौआ, थाना रोजा, जनपद शाहजहांपुर तथा अशोक कुमार पुत्र राजाराम, निवासी ग्राम कमईपुर, थाना हरगांव, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने जनपद खीरी, सीतापुर एवं आसपास के जिलों में चोरी, नकबजनी तथा भैंस चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध 12 बोर बंदूक, जिंदा व खोखा कारतूस, चोरी के 18 हजार रुपये, पीली धातु के बर्तन, 21 साड़ियां, कपड़े, नायलॉन की रस्सी तथा कार संख्या यूपी 32 डीबी 0084 बरामद की है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। थाना मितौली में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।