Lakhimpur Kheri News: तहसील में लेखपालों का हंगामा, एसडीएम के खिलाफ धरने पर बैठे कर्मचारी

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी की मितौली तहसील में एसडीएम पर अभद्रता के आरोप के बाद लेखपाल धरने पर बैठे, वार्ता के बाद मामला शांत करा दिया गया।

Update:2026-05-14 21:04 IST

तहसील में लेखपालों का हंगामा, एसडीएम के खिलाफ धरने पर बैठे कर्मचारी (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के मितौली तहसील मुख्यालय पर उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया, जब लेखपाल संघ के पदाधिकारी अचानक उप जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। तहसील परिसर में कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और कर्मचारियों तथा अधिकारियों के बीच तीखी नाराजगी देखने को मिली।

अभद्र भाषा और सस्पेंड करने की धमकी से बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक मितौली के उप जिलाधिकारी मधुसूदन गुप्ता ने किसी बात को लेकर लेखपालों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उन्होंने लेखपालों को सस्पेंड करने की धमकी भी दे डाली। इसी बात से नाराज होकर लेखपाल संघ के अध्यक्ष अमित भारती तहसील के अन्य लेखपालों के साथ धरना स्थल पर बैठ गए और उप जिलाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।

धरने और नारेबाजी की खबर फैलते ही तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कर्मचारी वर्ग में भी मामले को लेकर काफी चर्चा होती रही। कुछ देर के लिए प्रशासनिक कामकाज पर भी इसका असर दिखाई दिया।

पुलिस फोर्स बुलाने से बढ़ी हलचल

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब लेखपालों ने उप जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी तेज कर दी, तब स्थिति को देखते हुए उप जिलाधिकारी मधुसूदन गुप्ता ने पुलिस उपाधीक्षक यादवेंद्र यादव और इंस्पेक्टर महेश पाठक को फोर्स के साथ तहसील परिसर बुला लिया। पुलिस के पहुंचने के बाद माहौल और अधिक गंभीर नजर आने लगा।

हालांकि प्रशासन ने मामले को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू कराई गई। अधिकारियों और लेखपालों के बीच वार्ता का दौर चला, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी।

बातचीत के बाद शांत हुआ मामला

बाद में उप जिलाधिकारी मधुसूदन गुप्ता खुद धरना स्थल पर पहुंचे और लेखपालों से बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में पारिवारिक माहौल में सुलह समझौता हो गया। बताया जा रहा है कि उप जिलाधिकारी ने विवेकपूर्ण रवैया अपनाते हुए लेखपाल संघ की मांगों को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

फिलहाल पूरे मामले को शांत करा दिया गया है और तहसील परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Tags:    

Similar News