Lakhimpur News: एनएच 730 पर भीषण सड़क हादसा, मैजिक और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत,
Lakhimpur News: एनएच 730 पर खमरिया-खीरी के पास सोमवार सुबह मैजिक और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई।
एनएच 730 पर भीषण सड़क हादसा, मैजिक और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत (Photo- Newstrack)
Lakhimpur News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जनपद के खमरिया-खीरी में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे 730 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। ईसानगर थाना क्षेत्र के ऊंचगांव और भरेहटा गांव के बीच मैजिक वाहन और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार करीब 10 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
भीषण हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन और घायल लोगों को देखकर हर कोई सहम गया। आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करने की कोशिश की। लोगों ने तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही ईसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाने की कवायद शुरू की गई।
मैजिक वाहन पूरी तरह हुआ क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर आमने-सामने की थी, जिसकी वजह से मैजिक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान कराने में जुटी हुई है। वहीं घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हाईवे पर प्रभावित रहा यातायात
वहीं इस सड़क हादसे के बाद नेशनल हाईवे 730 पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर लंबा जाम जैसी स्थिति बन गई थी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराने का काम शुरू कराया। फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतकों व घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और हर जरूरी कदम उठाने को कहा है, ताकि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
घायलों के इलाज को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और अस्पतालों में जरूरी सुविधाओं की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाए।
मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 10
लखीमपुर-नानपारा मार्ग पर तहसील धौरहरा के अन्तर्गत ग्राम अदलीसपुर के मजरा भरेहटा के पास एक मैजिक जिसका नम्बर यू0पी0 31 एटी 0449 व ट्रक संख्यां यू0पी0 14 एचटी 5176 का एक्सीडेंट हो गया। मैजिक में कुल 10 व्यक्ति सवार थे, सभी 10 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जे जाया गया, जिसमें 08 पुरुष व 02 महिलाओं को मृतक घोषित किया गया है। अभी तक कुल 09 मृतकों की शिनाख्त हो गयी है, जिनका पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही करायी जा रही है। उक्त घटना में शेष 01 मृतक की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे है। घटना स्थल एवं मोर्चरी हाऊस का जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षण कर स्थिति की समीक्षा की गयी है।
मृतकों का विवरण
1.जयवीर सिंह पुत्र पेशकार सिंह निवासी मनगौढिया थाना मोतीपुर जनपद बहराइच उम्र करीब 25 वर्ष जाति ठाकुर
2.पवन कुमार पुत्र सन्तोष निवाासी रामवचनपुरवा जनपद बहराइच जाति राजभर
3.सोहन पुत्र सन्तोष निवासी रामवचनपुरवा जनपद बहराइच उम्र करीब 21 वर्ष
4.अदनान पुत्र वकील निवासी सिसैया थाना धौरहरा खीरी उम्र करीब 19 वर्ष जाति मुस्लिम
5.राजेश गोयल पुत्र मनीलाल गोयल उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम व थाना मिहीपुरवा जनपद बहराइच जाति गोयल
6.सहजराम पुत्र छोटे निषाद उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम ककरहा थाना मूर्तिहा जनपद बहराइच जाति निषाद
7.पप्पू पुत्र दूलन गौतम उम्र 18 वर्ष निवासी देवदत्तपुर थाना खैरीघाट जनपद बरहाइच
8.गायत्री वैश्य पत्नी रमेशचन्द्र गुप्ता उम्र 44 वर्ष निवासी मोहल्ला विजय लक्ष्मीनगर थाना कोतवाली नगर सीतापुर जाति वैश्य (पेशा-अध्यापिका प्रा0 वि रायबोझना बहराइच)
9.श्रीमती जुलेखा पत्नी स्व0 हबीब उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम पलटूपुरवा थाना धौरहरा जनपद खीरी जाति मुस्लिम