Lakhimpur: सीएम डैशबोर्ड व सीएमआईएस पोर्टल की डीएम ने की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा कर विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Lakhimpur Kheri News
Lakhimpur Kheri News: जिले में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की रफ्तार को और तेज करने के उद्देश्य से डीएम अंजनी कुमार सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सीएम डैशबोर्ड व सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित सूचनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभागवार आंकड़ों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी योजनाओं की माहवार आवंटित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करते हुए संबंधित पोर्टल पर अद्यतन की जाए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि शासन स्तर पर सीधे सीएमआईएस पोर्टल और सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से योजनाओं की निगरानी की जा रही है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाते हुए पोर्टल पर अद्यतन एवं सही जानकारी दर्ज करें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़े नियमित रूप से अपडेट रहें, ताकि जिले की रैंकिंग प्रभावित न हो।
उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगले माह तक प्रत्येक विभाग की प्रगति हर हाल में सुधारनी होगी, अन्यथा संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने यह भी कहा कि सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं का निर्धारित माइलस्टोन के अनुसार प्रतिमाह प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें निर्धारित समय के अंतर्गत पूर्ण कर संबंधित प्रशासकीय विभाग को हस्तगत किया जाना सुनिश्चित किया जाए। जो परियोजनाएं निर्धारित समयावधि से विलंबित चल रही हैं, उनके समुचित कारण सहित पूर्णता तिथि का संशोधन कराया जाए।
बैठक में डीएम ने विभागवार एवं परियोजनावार समीक्षा करते हुए प्रोजेक्ट अलंकार, भवन निर्माण एवं मनरेगा में कम प्रगति की स्थिति पर नाराजगी जताई। जननी सुरक्षा योजना और फैमिली आईडी की धीमी प्रगति पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर लक्ष्य के अनुरूप सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित योजनाओं/परियोजनाओं का माहवार आवंटित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा समय से माह के अंतिम सप्ताह तक संबंधित पोर्टल पर उनका अंकन किया जाए। विभागवार प्राप्त मासिक अंक/आंकड़े केवल संख्या नहीं, बल्कि प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही का आईना हैं। अधिकारी सुनिश्चित करें कि डाटा अद्यतन और जमीनी हकीकत से मेल खाता हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही से न केवल विभाग की रैंकिंग गिरेगी, बल्कि जिले की छवि भी प्रभावित होगी।इस अवसर सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, पीडी एस.एन. चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, डीएसटीओ विचित्र कुमार साहू सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।