Lucknow News: बुद्ध पूर्णिमा पर भिक्षुओं का आशीर्वाद लेकर बोले अखिलेश यादव, संविधान बचाने की अपील
Lucknow News: बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर अखिलेश यादव ने लखनऊ में भिक्षुओं का आशीर्वाद लेकर भगवान बुद्ध के विचारों को अपनाने की अपील की और कहा कि देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। साथ ही उन्होंने सारनाथ और कुशीनगर जैसे बौद्ध स्थलों के विकास पर जोर दिया।
Lucknow News: बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान गौतम बुद्ध के विचारों को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुद्ध का संदेश स्वयं का दीपक बनो आज भी समाज को दिशा देने का काम करता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भिक्षु और अनुयायी शामिल हुए। अखिलेश यादव ने भंडारा आयोजित करने वाले गौतम राव और सन्नी राव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जीवन में दुख और संकट आते रहते हैं, लेकिन बुद्ध के मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन में संतुलन और खुशहाली ला सकता है।
राजनीतिक संदर्भ में उन्होंने कहा कि देश का संविधान और लोकतंत्र आज खतरे में है, ऐसे में समाज के सभी वर्गों को मिलकर इसे बचाने की जरूरत है। उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं से आशीर्वाद की भी अपील की।
अखिलेश यादव ने बौद्ध स्थलों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि सारनाथ, कुशीनगर और लुंबिनी जैसे स्थानों को वैश्विक स्तर पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कुशीनगर में मैत्रेय परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के समय इस पर काम शुरू हुआ था, लेकिन बाद में इसे आगे नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने और एयरपोर्ट को पूरी क्षमता से संचालित करने की दिशा में आगे काम किया जाएगा।