Lucknow News: अटल ज्ञानशाला में बच्चों को साइबर सिक्योरिटी और AI की दी गई जानकारी
Lucknow News: लखनऊ के आशियाना स्थित अटल सेवा केंद्र में आयोजित अटल ज्ञानशाला में बच्चों को साइबर सिक्योरिटी, सूचना तकनीक और AI के प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों का संवर्धन और व्यक्तित्व निर्माण है।
Atal Gyanshala (Image Credit-Newstrack)
लखनऊ। आशियाना रेजीडेंट्स एसोसिएशन की ओर से 18 साल तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास और नैतिक मूल्यों के संवर्धन और व्यक्तित्व निर्माण के उद्देश्य से आयोजित की जा रही “अटल ज्ञानशाला” अब क्षेत्र के बच्चों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का महत्वपूर्ण मंच बनी। हर रविवार को लखनऊ के अटल सेवा केंद्र, सेक्टर-‘के’, आशियाना कॉलोनी में आयोजित होने वाली इस विशेष ज्ञानशाला में बच्चों को आधुनिक तकनीक, नैतिक शिक्षा और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
बता दें कि हर रविवार को प्रातः 8:00 बजे से 9:00 बजे तक अटल ज्ञानशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस ज्ञानशाला में समाज के विद्वान अनुभवी वक्ता एवं प्रबुद्धजन बच्चों को प्रेरणादायक विचारों, ज्ञानवर्धक विषयों तथा उत्तम संस्कारों से मार्गदर्शित कर रहे हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नैतिकता एवं सामाजिक चेतना का विकास हो।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर आईआईटी कानपुर के एलुमनाई और सूचना प्रौद्योगिकी एवं साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञ संजीव विश्वकर्मा जो इस क्षेत्र में दो दशकों का अनुभव रखते हैं, ने विशेषकर बच्चों पर उसके दुष्प्रभाव के बारे में बताया। साथ ही तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा और इसके सामाजिक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को समझाया कि AI और डिजिटल तकनीकें जहां नई संभावनाएं खोल रही हैं, वहीं इनके दुष्प्रभावों और साइबर खतरों से सतर्क रहना भी बेहद जरूरी है। बच्चों ने काफी तनमयता के साथ तमाम प्रश्न पूछ कर जानकारी प्राप्त की एवं अपना ज्ञानवर्धन किया। कार्यक्रम इतना अच्छा था, कि बच्चों ने ऐसे कार्यक्रम दोबारा किए जाने का अनुरोध किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् राष्ट्रगीत से हुआ। उसके बाद बच्चों ने ओम का उच्चारण किया।
संजीव विश्वकर्मा ने बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सार गर्भित बातें बताईं। ज्ञानशाला में पार्षद प्रतिनिधि कमलेश सिंह के द्वारा संजीव विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया एवं उपहार भेंट किया गया। आशियाना रेजीडेंट्स एसोसिएशन के महासचिव ए सी अग्निहोत्री ने अटल ज्ञानशाला कार्यक्रम की उपयोगिता के बारे में प्रकाश डाला एवं कार्यक्रम में आये हुए सभी बच्चों, अभिभावकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। बच्चों को फूड पैकेट प्रदान किए गए एवं अविनाश अग्रवाल के द्वारा बच्चों को गिफ्ट और पुरस्कार भी दिए गए। कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में अतुल कुमार टंडन, दुर्गेश मनोज गुप्ता, जनार्दन सिंह, आर एन तिवारी, एम एल आहूजा, नीरज पांडे, गिरीश मेहरोत्रा विजय सिंह, रंजन कुमार मल्होत्रा, रमेश चंद्र अवस्थी, एम एस यादव, मुकेश अवस्थी,ईशान टंडन, शशि अग्निहोत्री, नूपुर टंडन, सीमा,भारती गुप्ता समेत कई कॉलोनी वासियों ने उपस्थित होकर सहयोग प्रदान किया।