Lucknow News: सर्राफा कारोबारियों का प्रदर्शन, PM की ‘सोना मत खरीदो’ अपील पर जताया कड़ा विरोध
Lucknow News: लखनऊ में सर्राफा व्यापारियों ने प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने की अपील के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने इसे उद्योग और रोजगार के लिए नुकसानदायक बताया।
Lucknow News(Photo-Social Media)
Lucknow News: लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद सर्राफा कारोबारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। इस बयान को लेकर सोमवार को राजधानी लखनऊ में ज्वेलरी व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
लखनऊ महानगर सर्राफा एसोसिएशन और ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे कारोबारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री की यह अपील सर्राफा उद्योग के लिए गंभीर आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। उनका आरोप है कि पहले से ही बाजार में मंदी का माहौल है, और ऐसे समय में सोने की खरीद पर रोक जैसी अपील लाखों व्यापारियों की आजीविका पर सीधा असर डाल सकती है।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि देशभर में करोड़ों लोग सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से सर्राफा कारोबार से जुड़े हुए हैं। यदि लंबे समय तक सोने की खरीद प्रभावित होती है, तो छोटे दुकानदारों, कारीगरों और ज्वेलरी उद्योग पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। इससे न केवल रोजगार पर असर पड़ेगा, बल्कि आर्थिक असंतुलन भी बढ़ सकता है।
प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि विरोध स्वरूप 11 मई को एक दिन के लिए सर्राफा बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने प्रदेशभर के सभी व्यापारियों से इस बंद को सफल बनाने की अपील की है।
व्यापारियों की मांग है कि सरकार किसी भी बड़े आर्थिक या व्यापारिक मुद्दे पर बयान देने से पहले संबंधित संगठनों से चर्चा करे। उनका कहना है कि सोना भारतीय संस्कृति, परंपरा, निवेश और रोजगार से जुड़ा एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, इसलिए इस तरह की अपील से बाजार में गलत संदेश जा रहा है। सर्राफा कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर पुनर्विचार नहीं किया तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।