भारतीय शिक्षा बोर्ड: भारत बोध के साथ शिक्षा में आत्मनिर्भरता का नया अभियान: स्वामी रामदेव

Lucknow News: स्वामी रामदेव के भारतीय शिक्षा बोर्ड का नया अभियान! शिक्षा की गुलामी से मुक्ति, भारत बोध और चरित्र निर्माण पर जोर।

Update:2026-04-28 18:52 IST

Lucknow News: शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारतीय शिक्षा बोर्ड को एक बड़े शैक्षिक आंदोलन के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस पहल का मकसद देश को शिक्षा की गुलामी से मुक्त कर, विद्यार्थियों को भारत बोध, सांस्कृतिक विरासत और अपने पूर्वजों के सच्चे इतिहास से जोड़ना है। इसके साथ ही आधुनिक विषयों की समग्र समझ भी छात्रों को दी जाएगी, ताकि उनमें दृष्टि और दक्षता दोनों का विकास हो सके।

स्वामी रामदेव ने लखनऊ के सेंटेनियल स्कूल मैदान में भारतीय शिक्षा बोर्ड के प्रांतीय कार्यालय का उद्घाटन के समय उपस्थित लोगों संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं। उनके साथ माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी और प्रसिद्ध शिक्षक अवध ओझा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

स्वामी रामदेव ने जोर देकर कहा कि शिक्षा का लक्ष्य केवल नौकरी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि लीडरशिप, कैरेक्टर बिल्डिंग और नेशन बिल्डिंग के लिए होना चाहिए। ऐसी शिक्षा से ऐसे युवा तैयार होंगे, जो प्रशासन, न्यायपालिका और जीवन के हर क्षेत्र में ईमानदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

स्वामी रामदेव ने बताया कि भारतीय शिक्षा बोर्ड का गठन केंद्र सरकार द्वारा किया गया है और इसका संचालन पतंजलि योगपीठ कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में कई विद्यालय इस बोर्ड से जुड़ चुके हैं और बड़ी संख्या में अन्य स्कूल भी जुड़ने की प्रक्रिया में हैं। इस वर्ष देशभर में करीब एक लाख विद्यालयों को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालयों के प्रबंधक और शिक्षक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव बताया।

Tags:    

Similar News