Lucknow News: नशे में धुत युवक की BMW पलटने का वीडियो आया सामने, चकनाचूर हुई इतनी महंगी गाड़ी

Lucknow News: लखनऊ में BMW पलटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा।

Update:2025-10-08 12:48 IST

Lucknow News: लखनऊ के कल्याणपुर इलाके में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब नशे में धुत युवक की तेज रफ्तार BMW अनियंत्रित होकर घर के बाहर खड़ी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ी कार के परखच्चे उड़ गए और BMW पलट गई। हादसे के ठीक उसी वक्त घर की बुजुर्ग महिला मॉर्निंग वॉक पर निकल रही थीं, लेकिन कुछ सेकेंड के अंतर ने उनकी जान बचा ली। इस हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें BMW तेज रफ्तार में आती दिख रही है और टक्कर के बाद उलट जाती है। पुलिस ने वाहन चालक वरुण शुक्ला पर जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़ित परिवार मुआवजे की मांग कर रहा है।

तेज रफ्तार BMW ने मचाया कहर, सेकेंडों में हुआ जबरदस्त धमाका

राजधानी लखनऊ के कल्याणपुर के राजीव नगर में सोमवार तड़के करीब साढ़े 4 बजे जब लोग नींद में थे, तभी सड़क पर एक जोरदार धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। मनोज उप्रेती के घर के बाहर खड़ी कार को एक तेज रफ्तार BMW ने सामने से इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में BMW भी पलट गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान मॉर्निंग वॉक के लिए निकली मनोज की मां मनोरमा देवी चंद कदम दूर थीं, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।

नशे में धुत युवक चला रहा था BMW, CCTV फुटेज में पूरी घटना कैद

पीड़ित मनोज उप्रेती ने बताया कि BMW चलाने वाला युवक उनका पड़ोसी वरुण शुक्ला था, जो हादसे के वक्त नशे में धुत था। CCTV फुटेज में दिख रहा है कि BMW तेज रफ्तार में आती है और सीधे उनकी कार में जा घुसती है। टक्कर के बाद गाड़ी पलट जाती है और कुछ ही सेकेंड में चारों ओर अफरा-तफरी मच जाती है। मनोज ने बताया कि हादसे के बाद वरुण के परिवार ने मुआवजे की बात पर सहयोग करने से मना कर दिया। इससे विवाद और बढ़ गया।

मुआवजे को लेकर विवाद, पुलिस जांच में जुटी

हादसे की सूचना मिलने पर गुडंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी चालक की हालत और गति का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं, पीड़ित मनोज उप्रेती ने BMW मालिक परिवार से मुआवजे की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और वाहन पंजीकरण के आधार पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोग लगातार मांग कर रहे हैं कि ऐसे नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। वीडियो में BMW की रफ्तार इतनी तेज दिख रही है कि कुछ ही सेकंड में हादसा हो जाता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।

Tags:    

Similar News