Lucknow: हिंदू रीति-रिवाजों के साथ दो लोगों की हुई घर वापसी, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने किया शुद्धिकरण कार्यक्रम
Lucknow: लखनऊ में विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा आयोजित घर वापसी कार्यक्रम में दो लोगों ने सनातन धर्म अपनाया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
Vishwa Hindu Raksha Parishad
Lucknow: लखनऊ में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यालय पर शनिवार को घर वापसी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय की मौजूदगी में दो लोगों की सनातन धर्म में वापसी कराई गई। कार्यक्रम में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना और शुद्धिकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। गोपाल राय ने बताया कि संगठन लगातार उन लोगों की सहायता कर रहा है जो किसी कारणवश अपने मूल धर्म में वापस लौटना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दो लोगों की घर वापसी कराई गई है, जबकि दो कथित लव जिहाद पीड़ित युवतियां भी संगठन के संपर्क में हैं और उनसे बातचीत चल रही है।
उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा सनातन हेल्पलाइन संचालित की जा रही है, जिस पर देश के विभिन्न राज्यों से लोग संपर्क कर रहे हैं। गोपाल राय के अनुसार हेल्पलाइन के माध्यम से लव जिहाद और अन्य मामलों से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान की जा रही है तथा इच्छुक लोगों की घर वापसी भी कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बाराबंकी की शबनम ने सनातन धर्म अपनाकर अपना नाम संजना रखा है, जबकि गोंडा के हम्ज़ा अली अब हेमंत सिंह के नाम से जाने जाएंगे। गोपाल राय ने कहा कि संगठन उन लोगों की घर वापसी करवा रहा है जिनका कथित रूप से जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया था। उन्होंने कहा कि संगठन धर्मांतरण नहीं कराता, बल्कि लोगों को उनके मूल धर्म में वापस लाने का कार्य करता है।
गोपाल राय ने यह भी कहा कि सनातन हेल्पलाइन के माध्यम से लगातार पीड़ित लोग संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि धर्मांतरण से जुड़े मामलों के खिलाफ संगठन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि 28 जून को बांग्लादेश में एक राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।