Lucknow Weather: अचानक मौसम ने ली करवट, तेज हवा के साथ कुछ इलाकों में बारिश, मौसम ने जारी किया अलर्ट

Lucknow Weather: राजधानी लखनऊ में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच दोपहर करीब 2 बजे शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई।

Update:2026-06-20 14:51 IST

Lucknow Weather

Lucknow Weather: राजधानी लखनऊ में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच दोपहर करीब 2 बजे शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। गोमतीनगर और चिनहट क्षेत्र में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को कुछ देर के लिए गर्मी से राहत मिली। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही। करीब 10 मिनट की बारिश के बाद मौसम फिर साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। वहीं हजरतगंज और पुराने लखनऊ के कई इलाकों में पूरे समय धूप बनी रही और बारिश का असर देखने को नहीं मिला।

अगले चार दिन हीटवेव की चेतावनी

बारिश के बावजूद मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 20 से 23 जून तक लगातार चार दिनों के लिए लू चलने की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। इसके अलावा अधिकतम आर्द्रता 62 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 33 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई, जिससे उमस और गर्मी दोनों का असर महसूस किया गया।

मानसून के लिए अभी करना होगा इंतजार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसके बावजूद अगले पांच दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल उत्तर प्रदेश और लखनऊ में मानसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्म हवाओं और लू का असर जारी रह सकता है।

Tags:    

Similar News