Lucknow News: लखनऊ में मेडिकल स्टोर बंद! ई-फार्मेसी के विरोध में उतरे दवा कारोबारी, मरीज परेशान
Lucknow News: लखनऊ में ई-फार्मेसी के विरोध में दवा कारोबारियों की हड़ताल का असर दिखा। अमीनाबाद, चौक और चारबाग समेत कई बाजारों में मेडिकल स्टोर बंद रहे, जिससे मरीजों को दवाएं लेने में परेशानी हुई।
Lucknow News: लखनऊ में बुधवार को दवा कारोबारियों की हड़ताल का असर साफ दिखाई दिया। अमीनाबाद, चारबाग, चौक समेत शहर के कई प्रमुख दवा बाजारों में मेडिकल स्टोर बंद रहे, जिससे लोगों को जरूरी दवाएं खरीदने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही कई मरीज और उनके परिजन दवा दुकानों के बाहर भटकते नजर आए।
यह बंद ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स के विरोध में बुलाया गया था। दवा व्यापारियों का आरोप है कि ऑनलाइन माध्यम से बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल और योग्य फार्मासिस्ट की निगरानी के दवाओं की बिक्री की जा रही है, जिससे मरीजों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। व्यापारियों का कहना है कि कई प्लेटफॉर्म फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के जरिए भी दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जो स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर प्रदेशभर के दवा व्यापारियों ने 24 घंटे के बंद का समर्थन किया। लखनऊ केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने की मांग उठाई।
व्यापारियों ने कहा कि ई-फार्मेसी कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोर कारोबार को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। उनका कहना है कि दवा केवल व्यापार का विषय नहीं, बल्कि मरीजों की जिंदगी से जुड़ा मामला है, इसलिए इसकी बिक्री पर कड़ी निगरानी जरूरी है। प्रदेशभर में करीब साढ़े 12 लाख मेडिकल स्टोर इस बंद में शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, आम लोगों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि मरीजों को दवाओं के लिए परेशान न होना पड़े।