शोहदे ने लोहिया संस्थान की महिला प्रोफेसर को भेज डाले 1000 कॉल... 5 हजार अश्लील मैसेज! हुआ गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ में महिला प्रोफेसर को परेशान करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।

Update:2025-08-26 13:28 IST

Lucknow News

Lucknow News: लखनऊ में राह चलती महिलाओं व छात्राओं से छेड़छाड़ करने से जुड़े सामने आ रहे अनेकों मामलों के बीच ऐसे शोहदों की गिरफ्तारी भी तेजी से शुरू हो गयी है। इन्हीं सबके बीच अब इसी छेड़छाड़ से जुड़ा एक बड़ा मामला लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में तैनात एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर को बीते लंबे समय से परेशान कर रहे सिरफिरे ने हदें पार कर दीं। पीड़िता के अनुसार, आरोपी सिरफिरे आशिक ने एक ही दिन में 1000 से ज्यादा कॉल और 5000 से ज्यादा अश्लील मैसेज व फोटो भेजकर पीड़िता को काफी मानसिक तनाव दिया। बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। हालांकि, हरकतें बढ़ती देख पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

1090 पर की शिकायत तो महिला प्रोफेसर को कॉल और अश्लील मेसेज से किया परेशान

आपको बता दे कि डॉक्टर राम मनोहर लोहिया संस्थान की महिला असिस्टेंट प्रोफेसर पिछले कुछ महीनों से बस्ती जिले के रहने वाले 41 वर्षीय महेश तिवारी नाम के आरोपी की हरकतों से काफी परेशान थीं। पीड़िता का आरोप है कि महेश तिवारी बार-बार फोन और मैसेज करके परेशान करता था। पीड़िता ने बताया कि बीते मई माह में 12 तारीख को आरोपी की हरकतों से परेशान होकर 1090 वीमेन हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई थी, उस दिन आरोपी ने एक ही दिन में 1000 से अधिक कॉल और 5000 से ज्यादा अश्लील मैसेज व फोटो भेजे थे। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने उस समय आरोपी को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया लेकिन आरोपी ने अपनी हरकतों में कोई बदलाव नहीं किया।

ओपीडी से फ्लैट तक पीछा करता था आरोपी, बाल-बाल बची प्रोफेसर

बताया जाता है कि बीते 19 अगस्त की शाम जब प्रोफेसर अस्पताल से अपनी ओपीडी खत्म करके घर के लिए लौट रही थीं तो आरोपी महेश तिवारी उनका पीछा करते हुए फैकल्टी अपार्टमेंट तक पहुंच गया। पीड़िता ने बताया कि जब वह लिफ्ट का इंतजार कर रही थी तो आरोपी को पास खड़ा देखा, जिसके बाद उसे किसी अनहोनी का शक हुआ। घबराकर पीड़िता ने जोर से चीख मारी, जिसके बाद आसपास मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स तुरंत लिफ्ट के पास पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, शुरू हुई जांच

विभूतिखंड थाने में पीड़िता की ओर से शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। थाने के इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि आरोपी के मोबाइल की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितनी महिलाओं को परेशान किया है। पुलिस डिजिटल एविडेंस और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है।

Tags:    

Similar News