'तबियत ठीक नहीं है' कहकर स्कूल नहीं गया छात्र...कमरे में जाकर किया सुसाइड, आत्महत्या की वजह तलाश रही लखनऊ पुलिस
Lucknow News: लखनऊ के तकरोही इलाके में 15 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसने सुबह पिता से कहा था कि उसकी तबीयत खराब है, इसलिए स्कूल नहीं जाएगा। कुछ देर बाद वह कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच में जुटी है और आत्महत्या की वजह तलाश रही है।
Lucknow Takrohi Indiranagar 15 Year Old Student Found Hanging After Saying He Felt Unwell
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मानसिक तनाव के चलते बच्चे-बड़े हर कोई आत्महत्या जैसा कदम उठा रहे हैं। तेजी से सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच शुक्रवार को लखनऊ के तकरोही इलाके से एक हैरान कर देने का मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय राज नाम के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि सुबह उसने पिता से कहा था कि उसकी तबीयत खराब है और वह स्कूल नहीं जाएगा। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो वह फंदे से लटका मिला। परिजन आनन-फानन में छात्र को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और वह मामले की जांच कर रही है।
तबियत ठीक नहीं है कहकर कमरे में गया छात्र, बाद में मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, तकरोही इलाके में रहने वाला 15 वर्षीय राज कुमार कक्षा 7 का छात्र था। राजकुमार के परिवार के लोगों ने बताया कि गुरुवार सुबह उसने अपने पिता अमरेश कुमार से स्कूल न जाने की बात कही। जिसको लेकर उसने कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। बताया जाता है कि कुछ देर बाद जब परिवार के लोग उसका हाल जानने के लिए राज के कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी समय के बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और भीतर दाखिल हुए तो पाया कि राज फंदे से लटका हुआ है।
3 भाइयों में सबसे बड़ा था राज, पिता HAL में करते हैं नौकरी
घटना के बाद एक ओर परिवार में हड़कंप मच गया तो दूसरी ओर परिजनों ने आनन-फानन में राज को लोहिया अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आपको बता दें कि मृतक छात्र राज तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। राज का छोटा भाई मुन्ना और सूर्या भी पढ़ाई करते हैं। वहीं, पिता अमरेश कुमार हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड यानी HAL में नौकरी करते हैं।
मौके पर नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस
आत्महत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। वहीं, इस घटना से परिवार और आसपास के लोग गहरे सदमे में हैं।