पवन पांडे की धमकी पर राजभर ने अखिलेश को घेरा, PDA का मतलब बताते हुए कह दी बड़ी बात

Om Prakash Rajbhar: पवन पांडे के बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी को पटककर मारने वाले बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा। राजभर ने PDA के नारे पर तंज कसते हुए सपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।

Update:2026-11-26 15:21 IST

Pawan Pandey Statement

Om Prakash Rajbhar: संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडे के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी को पटककर मारने की बात कहने वाले पवन पांडे पर अब योगी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने निशाना साधा है। राजभर ने इस बयान को लेकर सीधे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा और सवाल किया कि संविधान की दुहाई देने वाली समाजवादी पार्टी बताए कि क्या किसी को पटककर मारने की बात संविधान में लिखी है?

दरअसल, एक न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन कार्यक्रम में सपा नेता और अयोध्या से पार्टी के प्रत्याशी पवन पांडे ने बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी को पटककर मारने की बात कही थी। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला है।

राजभर ने अखिलेश यादव से पूछे सवाल

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव पिछले दो वर्षों से लगातार संविधान की दुहाई दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि क्या संविधान किसी को दूसरे व्यक्ति को पटककर मारने का अधिकार देता है?

राजभर ने आरोप लगाया कि चुनाव अभी आया भी नहीं है और सपा के नेता इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने पवन पांडे को टिकट दिए जाने पर भी सवाल उठाया। राजभर ने अपने पोस्ट में सपा नेताओं के लिए तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि पार्टी के कुछ नेता खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं।

प्रतापगढ़ की घटना का भी किया जिक्र

अपने बयान में राजभर ने प्रतापगढ़ का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं पर दबंगई और हिंसा के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि वहां भी लोगों को पीटने और खुलेआम फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आई हैं। राजभर ने इन घटनाओं को सपा की राजनीति से जोड़ते हुए अखिलेश यादव से सवाल किया कि अगर अभी यह स्थिति है तो भविष्य में उनकी सरकार बनने पर क्या होगा?

उन्होंने गैर-यादव पिछड़े वर्ग और बहुजन समाज के लोगों से भी सपा नेताओं के बयानों और वीडियो को देखने के बाद खुद फैसला करने की अपील की। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा की सरकारों में गैर-यादव पिछड़े और दलित वर्गों पर अत्याचार होते रहे हैं।

'पिटाई, दबंगई और अराजकता ही आपका PDA'

ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में सपा के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के नारे पर भी तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की असली पहचान पिटाई, दबंगई और अराजकता है। साथ ही अखिलेश यादव से संविधान दिवस के मौके पर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को गुंडई से रोकने का संकल्प लेने को कहा।

Tags:    

Similar News