Lucknow News: 11 साल बाद भी नहीं मिले फ्लैट, पार्थ रिपब्लिक आवंटियों का प्रदर्शन
Lucknow News: लखनऊ में पार्थ रिपब्लिक योजना के आवंटियों ने फ्लैट न मिलने पर गोमती नगर स्थित कंपनी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।
Lucknow News (Social Media) (10).jpg
Lucknow News: कानपुर रोड स्थित पार्थ रिपब्लिक आवासीय योजना के आवंटियों ने सोमवार को बड़ी संख्या में गोमती नगर स्थित पार्थ इंफ्रा के कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्होंने वर्षों पहले फ्लैट बुक कराए थे और अधिकांश लोगों से पूरी धनराशि भी जमा करा ली गई, लेकिन 11 वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो निर्माण कार्य पूरा हुआ और न ही फ्लैट का कब्जा दिया गया।
आवंटियों का कहना है कि पार्थ रिपब्लिक योजना में कई सौ लोगों ने अपने जीवनभर की बचत लगाकर फ्लैट बुक किए थे। उनका आरोप है कि परियोजना का निर्माण आज तक शुरू नहीं हो सका, जबकि कंपनी द्वारा समय-समय पर आश्वासन दिए जाते रहे। इससे आवंटियों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान आवंटियों ने कंपनी की डायरेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने का प्रयास किया, लेकिन उनका कहना है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन फ्लैट निर्माण और आवंटन को लेकर गंभीर नहीं है तथा वर्षों से लोगों को केवल आश्वासन दिया जा रहा है।
आवंटियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कार्यालय स्टाफ द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उनका कहना है कि जब उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की कोशिश की तो पुलिस को बुला लिया गया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। उनका कहना है कि उनकी गाढ़ी कमाई परियोजना में फंसी हुई है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।