Lucknow News: हापुड़ की बच्ची से मुख्यमंत्री बोले- तुम पढ़ाई करो, बाकी जिम्मेदारी हमारी

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता को सरकार की प्राथमिकता बताया।

Update:2026-06-01 11:36 IST

Lucknow News(Photo-Social Media)

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए। अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े कई मामलों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों की समीक्षा की जाए और यदि बिना उचित कारण के देरी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या का समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लोगों को बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ मिले तथा जरूरतमंदों को समय पर उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर खुशहाली लाना शासन और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

जनता दर्शन में शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने बच्चों और उनके अभिभावकों से बातचीत करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ा-लिखा बच्चा ही सशक्त भारत की नींव होता है, इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें।

इस दौरान हापुड़ से आई एक बच्ची ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति और पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने बच्ची से उसकी कक्षा के बारे में पूछा, जिस पर उसने बताया कि वह कक्षा 7 में पढ़ती है। बच्ची की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा, “बेटा, तुम सिर्फ पढ़ाई करो, बाकी हम पर छोड़ दो।” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

मुख्यमंत्री के इस संवेदनशील व्यवहार और त्वरित कार्रवाई के निर्देशों से जनता दर्शन में पहुंचे लोगों ने संतोष व्यक्त किया। सरकार की जनसुनवाई व्यवस्था आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।

Tags:    

Similar News