UP में बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़! लखनऊ में ATS ने दबोचे 4 खूंखार आतंकी, कई बड़े खुलासे

UP ATS terrorist arrest Lucknow: लखनऊ में यूपी ATS ने बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए 4 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पाकिस्तान कनेक्शन, रेलवे और गैस सिलेंडर पर हमले की खौफनाक योजना का खुलासा हुआ है।

Update:2026-04-03 18:26 IST

UP ATS terrorist arrest Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यूपी एटीएस (ATS) ने एक बेहद खुफिया और सटीक ऑपरेशन चलाकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये चारों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के सीधे संपर्क में थे और भारत की शांति भंग करने के लिए खौफनाक साजिशें रच रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में से दो मेरठ और दो नोएडा के रहने वाले हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस गैंग का मास्टरमाइंड एक नाई है, जो अपनी दुकान की आड़ में देश के खिलाफ नफरत का जाल बुन रहा था।

नाई की दुकान से चल रहा था 'आतंकी' नेटवर्क

एटीएस की गिरफ्त में आए इन चारों आरोपियों की पहचान साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, विकास गहलावत उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपलात के रूप में हुई है। इनमें 25 साल का साकिब इस पूरे गिरोह का मुख्य सदस्य बताया जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि साकिब पेशे से नाई है, लेकिन उसका असली काम अफगानिस्तान और पाकिस्तान के कट्टरपंथी ग्रुपों से जुड़कर भारत विरोधी प्रोपेगेंडा फैलाना था। वह सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर सीमा पार बैठे अपने आकाओं से निर्देश लेता था। साकिब ने अपने साथियों को भी इसी कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़कर एक खतरनाक टीम तैयार कर ली थी।

रेलवे और गैस सिलेंडरों को उड़ाने का था प्लान

गिरफ्तार आतंकियों के इरादे इतने खतरनाक थे कि सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। एटीएस के मुताबिक, ये आरोपी केवल बातों तक सीमित नहीं थे, बल्कि धरातल पर तबाही मचाने की तैयारी कर रहे थे। इनके निशाने पर भारतीय रेलवे का सिग्नल सिस्टम और गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक थे। ये आतंकी रेलवे सिग्नल बॉक्स को नष्ट कर बड़ी ट्रेन दुर्घटनाएं कराने और गैस सिलेंडरों में आग लगाकर शहरों में धमाके करने की फिराक में थे। इनका मुख्य उद्देश्य देश में डर का माहौल पैदा करना, दंगे भड़काना और भारत को बड़ी आर्थिक क्षति पहुंचाना था।

एटीएस की मुस्तैदी ने टाला बड़ा खतरा

समय रहते यूपी एटीएस को इन संदिग्धों की भनक लग गई और इससे पहले कि ये अपनी किसी भी साजिश को अंजाम दे पाते, इन्हें लखनऊ से दबोच लिया गया। इनके पास से कई डिजिटल सबूत मिले हैं जो इनके पाकिस्तानी कनेक्शन की पुष्टि करते हैं। फिलहाल पुलिस इन सभी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और इन्हें फंडिंग कहां से मिल रही थी। इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सुरक्षा एजेंसियां देश की सुरक्षा को लेकर कितनी सतर्क हैं।

Tags:    

Similar News