इमरजेंसी से लेकर चुनाव आयोग तक, संविधान गौरव दिवस पर डॉ. नीरज सिंह ने कांग्रेस को घेरा

Lucknow News: लखनऊ में संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान डॉ. नीरज सिंह ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। इमरजेंसी और चुनाव आयोग को लेकर कही बड़ी बात।

Update:2026-11-26 16:49 IST

इमेज क्रेडिट-राजन कश्यप

Lucknow News: संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, किसान, महिलाएं, युवा, डॉक्टर और अधिवक्ता शामिल हुए। आयोजन के दौरान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और विचारों से प्रेरित तीन मिनट की फिल्म भी दिखाई गई।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को शामिल होना था, लेकिन किसी कारणवश वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। उनकी अनुपस्थिति में भी कार्यक्रम जारी रहा।

इस दौरान अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बैद्यनाथ रावत, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण, डॉ. नीरज सिंह और बसंत त्यागी सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नीरज सिंह ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में इमरजेंसी लगाई थी और आज वही कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर भी सवाल उठा रहा है।


डॉ. नीरज सिंह ने विपक्ष की राजनीति पर निशाना साधते हुए PDA यानी परिवार डेवलपमेंट एजेंसी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से जो घोषणा पत्र लाया जा रहा है, वह किसी वर्ग या समाज के विकास के लिए नहीं, बल्कि केवल उनके परिवार के विकास के लिए है। उनके मुताबिक, विपक्ष का पूरा ध्यान अपने परिवार के डेवलपमेंट पर केंद्रित है।

कार्यक्रम में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान निर्माण में योगदान और सामाजिक न्याय के विचारों को याद किया गया। आयोजकों ने समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर संविधान के मूल्यों, समानता और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने का प्रयास किया।


संविधान गौरव दिवस के इस आयोजन में जहां बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, वहीं डॉ. नीरज सिंह के बयान ने कार्यक्रम को राजनीतिक रंग भी दिया।

Tags:    

Similar News