लखनऊ में मासूम छात्रा पर दरिंदगी की कोशिश, विरोध करने पर सड़क पर पटककर दबाया गला
Lucknow News: खनऊ के जानकीपुरम में 13 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने उसका गला दबाया, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Lucknow News: लखनऊ में नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकीपुरम इलाके में कक्षा छह में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर लौट रही छात्रा को रास्ते में एक युवक ने रोक लिया। विरोध करने पर वह उसे जबरन खींचकर पार्क की ओर ले गया। वहां उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। छात्रा ने जब इसका विरोध करते हुए बचने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान लेने का प्रयास किया।
आरोप है कि छात्रा ने युवक की हरकतों का विरोध किया और उसके चंगुल से निकलने का प्रयास किया। इससे नाराज होकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। छात्रा के शोर मचाने पर उसकी मां मौके की ओर दौड़ीं। मां को आता देख आरोपी छात्रा को धक्का देकर धमकाते हुए फरार हो गया।
कई महीनों से परेशान करने का आरोप
पीड़िता के पिता का आरोप है कि आरोपी पिछले कई महीनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। स्कूल आने-जाने के दौरान और घर से निकलने पर उसका पीछा करता था। एक सहेली के माध्यम से आरोपी की छात्रा से जान-पहचान हुई थी, जिसके बाद वह उसे लगातार प्रताड़ित करने लगा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। छात्रा के पिता की तहरीर पर जानकीपुरम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद से छात्रा और उसका परिवार दहशत में है।