Bada Mangal 2026: दूसरे बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हनुमान सेतु में गूंजते रहे जयकारे
Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल पर मंगलवार को लखनऊ भक्तिमय माहौल में डूबी नजर आई। सुबह से ही हनुमान सेतु मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
Bada Mangal 2026
Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल पर मंगलवार को लखनऊ भक्तिमय माहौल में डूबी नजर आई। सुबह से ही हनुमान सेतु मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में जय श्री राम के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। मंदिर के बाहर लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु घंटों इंतजार के बाद दर्शन कर रहे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा कर्मी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए।
जगह जगह लगे भंडारे
बड़े मंगल के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में भंडारों का आयोजन भी किया गया। चारबाग, अलीगंज, निशातगंज, चौक और गोमतीनगर समेत कई क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, हलवा, शरबत और ठंडाई वितरित की गई। गर्मी को देखते हुए कई जगहों पर ठंडे पानी और गन्ने के जूस की भी व्यवस्था की गई। भक्तों की लंबी कतारें मंदिर के बाहर तक दिखाई दीं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं समेत हजारों श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया।
लखनऊ जैसा भक्तिमय माहौल और कहीं नहीं
मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह दिखाई दिया। अलीगंज से दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु अमित तिवारी ने कहा हर बड़े मंगल पर हम परिवार के साथ हनुमान जी के दर्शन करने आते हैं। यहां आकर मन को शांति मिलती है। वहीं गोमतीनगर निवासी पूजा श्रीवास्तव ने बताया इतनी भीड़ के बावजूद व्यवस्था काफी अच्छी रही। बड़े मंगल पर सेवा और भक्ति का जो माहौल लखनऊ में देखने को मिलता है, वह कहीं और नहीं मिलता। दिनभर मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में मेले जैसा माहौल बना रहा। आस्था, सेवा और श्रद्धा का यह संगम लखनऊ की धार्मिक परंपरा को जीवंत करता नजर आया।