Lucknow News : सदन में गरजे योगी आदित्यनाथ, महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा

Lucknow News : विधानसभा में योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, महिला आरक्षण और सशक्तिकरण पर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Update:2026-04-30 12:26 IST

Yogi Adityanath speech ( Image Credit From Newstrack )

Lucknow News :  उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सशक्तिकरण और आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह एक दिवसीय विशेष सत्र आधी आबादी यानी महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन चर्चा शुरू होने से पहले ही नेता प्रतिपक्ष उतावले नजर आ रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा कि 2014 से 2023 के बीच महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि देश की नीति-निर्धारण प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और संसद में अब तक सबसे अधिक महिलाएं पहुंची हैं। विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में यूपी विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व करीब 11-12 प्रतिशत है, जिसे 33 प्रतिशत तक बढ़ाने की जरूरत है ताकि महिलाओं के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हो सके।


मुख्यमंत्री ने सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने महिला आरक्षण और अन्य योजनाओं का विरोध किया। उन्होंने जनधन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहली बार महिलाओं के बैंक खाते खुले, जिससे उन्हें सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ मिला, लेकिन तब भी विपक्ष ने इसका मजाक उड़ाया।

स्वच्छ भारत अभियान और शौचालय निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि ये सिर्फ निर्माण कार्य नहीं थे, बल्कि नारी गरिमा के प्रतीक थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने आते ही रिकॉर्ड संख्या में शौचालय बनवाए, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और कन्या सुमंगला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से लाखों महिलाओं और बेटियों को लाभ मिला है।


 उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बेटियों को जाति और वर्ग से ऊपर उठकर सरकार की बेटी मानते हुए काम किया है। अंत में मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सवाल करते हुए कहा कि जो दल आज 33% आरक्षण की बात कर रहे हैं, उन्होंने पहले इसका विरोध क्यों किया था, और उन्हें इस पर आत्ममंथन करना चाहिए।

Tags:    

Similar News