महराजगंज : 144 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद , तस्कर नेपाल सीमा में भागा, आबकारी टीम ने की कार्रवाई

Maharajganj News : महराजगंज में झूलनीपुर के बागान से 144 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद, तस्कर नेपाल भाग गया

Update:2025-11-24 13:21 IST

Maharajganj News :  जिले के निचलौल स्थित झूलनीपुर क्षेत्र में आबकारी टीम ने गश्त के दौरान 144 लीटर अवैध नेपाली देशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा के निकट केले के बागान में की गई। हालांकि, शराब लेकर आया तस्कर घेराबंदी देखते ही नेपाल की ओर भागने में सफल रहा।आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि 23 नवंबर की रात आबकारी टीम झूलनीपुर में नियमित गश्त कर रही थी। इस दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान भी मौजूद थे। टीम अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम पर चर्चा कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि लाइन टोला बहुआर गांव के रास्ते नेपाल से एक युवक अवैध देशी शराब लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा है।

सूचना मिलते ही गश्ती दल तुरंत मौके के लिए रवाना हुआ। जब दल लाइन टोला बहुआर गांव पहुंचा, तो अंतरराष्ट्रीय पिलर संख्या 500 से लगभग 300 मीटर पूर्व दिशा में, भारतीय सीमा में करीब 20 मीटर अंदर केले के बागान में एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा मिला। गश्ती टीम को आता देख वह भागने लगा और पीछा करने पर नेपाल सीमा में प्रवेश कर फरार हो गया।

संदिग्ध व्यक्ति के भागने वाले स्थान की तलाशी लेने पर बोरियों का ढेर मिला। इन बोरियों से नेपाली अवैध देशी शराब की विभिन्न ब्रांड की कुल 480 शीशियां बरामद हुईं, जिनकी मात्रा 144 लीटर थी। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। आबकारी विभाग ने इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 153/25 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरार तस्कर की तलाश जारी है और पुलिस व आबकारी विभाग संयुक्त रूप से आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।

Tags:    

Similar News