Maharajganj News: महराजगंज पुलिस फिर बनी नंबर वन, IGRS रिपोर्ट में प्रदेश में अव्वल

Maharajganj News: IGRS रिपोर्ट में महराजगंज पुलिस ने लगातार नौवीं बार हासिल किया पहला स्थान, 17 थानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से बढ़ा जिले का गौरव।

Update:2025-11-10 22:40 IST

Maharajganj News: महराजगंज : प्रदेश स्तर पर जारी समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) की नवीनतम रिपोर्ट में महराजगंज पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और जनता के प्रति संवेदनशीलता का लोहा मनवाया है। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद महराजगंज ने इस बार भी प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यही नहीं, जिले के 17 थानों ने भी उत्कृष्ट श्रेणी में स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि न केवल पुलिस प्रशासन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले की जनता के विश्वास और संतोष का भी प्रतीक है।

पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने बताया कि आईजीआरएस प्रणाली के तहत आम जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। महराजगंज पुलिस ने सभी शिकायतों को समयबद्ध तरीके से समाधान कर जनता का भरोसा मजबूत किया है। इसी का परिणाम है कि जनपद पुलिस इस वर्ष लगातार नौवीं बार प्रथम स्थान पर रही है।


एसपी मीना ने कहा कि जिले में प्रत्येक थाना स्तर पर शिकायतों की सतत निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग से यह उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। शिकायतों के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं की जाती और हर अधिकारी से जवाबदेही तय की जाती है।

उन्होंने इस सफलता पर समस्त पुलिसकर्मियों, निरीक्षकों और अधिकारियों को बधाई दी। एसपी ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी पुलिस टीम की एकजुटता, अनुशासन, निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि महराजगंज पुलिस भविष्य में भी जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान, अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उनका लक्ष्य है कि हर नागरिक खुद को सुरक्षित, सम्मानित और सुना हुआ महसूस करे।

Tags:    

Similar News