Mahoba News: इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं छात्रा की रहस्यमयी मौत, फंदे पर लटका मिला शव
Mahoba News: मृतका के पिताने बताया कि उनकी बेटी खुशी वर्मा बीती शाम अपनी मां के साथ सूपा गांव त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। उसका शव उसके बुआ के घर में फंदे से लटका मिला है।
Mahoba News: महोबा में एक 17 वर्षीय छात्रा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छात्रा इंग्लिश मीडियम स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी, उसका शव उसके बुआ के घर में मिला। मृतका के पिता हरीश वर्मा ने बताया कि उनकी बेटी खुशी वर्मा बीती शाम अपनी मां के साथ सूपा गांव में मामा के घर त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी।
मृतका के परिजनों ने बताया
जहां कार्यक्रम संपन्न होने के बाद खुशी अपने परिवार के साथ चरखारी कोतवाली कस्बा के रामनगर स्थित बुआ के घर पहुंची। सभी ने साथ में खाना-पीना कर विश्राम किया। सुबह परिजन उठे, तो उन्होंने देखा कि खुशी का शव कमरे में फंदे पर लटक रहा है। चरखारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल्स खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
उसके साथ ही पुलिस चैट हिस्ट्री खंगाल रही है। उससे छात्रा की मौत के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खुशी के आत्महत्या के पीछे के कारण क्या हैं। छात्रा की मौत की खबर सुनकर स्कूल में भी शोक का माहौल है। सहपाठियों और शिक्षकों ने छात्रा की मौत पर दुख जताया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।