Mahoba News: महोबा में खून से लिखे 54 खत, योगी को जन्मदिन पर अनोखी बधाई

Mahoba News: महोबा में सीएम योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन पर बुंदेली समाज ने खून से 54 बधाई पत्र लिखे और मोदी के बाद उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की कामना की।

By :  Imran Khan
Update:2026-06-05 23:22 IST

महोबा में खून से लिखे 54 खत, योगी को जन्मदिन पर अनोखी बधाई (Photo- Newstrack)

Mahoba News: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन पर आज महोबा में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहाँ बुंदेली समाज के लोगों ने विश्व पर्यावरण दिवस और सीएम के जन्मदिन के मौके पर अपने खून से 54 बधाई संदेश लिखे। आल्हा चौक पर जुटे बुंदेलों ने गोरखगिरि पर्वत को पर्यटन तीर्थ बनाने के लिए योगी जी का आभार जताया और ईश्वर से कामना की कि मोदी जी के बाद देश की कमान योगी आदित्यनाथ ही संभालें।

महोबा में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 54वाँ जन्मदिन बेहद अनोखे और भावुक अंदाज में मनाया गया। आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क में सुबह से ही बुंदेलों का जुटना शुरू हो गया था। अवसर विश्व पर्यावरण दिवस का भी था, लिहाजा बुंदेली समाज के लोगों ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए किसी केक या फूल का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि अपने लहू से सूबे के मुखिया को बधाई संदेश भेजे। बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर बुंदेलखंडी के नेतृत्व में यहाँ एक दर्जन से अधिक युवाओं और बुजुर्गों ने अपना खून दिया।

बुंदेलखंड के लोगों ने मुख्यमंत्री को दिल से धन्यवाद दिया

इस खून से मुख्यमंत्री के लिए एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 54 बधाई पत्र लिखे गए। बुंदेलों का कहना है कि जिस तरह एक प्रेमी अपनी प्रेमिका को रिझाने के लिए खून से खत लिखता है, ठीक उसी तरह वे अपने चहेते मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए यह समर्पण कर रहे हैं। इस अनोखे प्रदर्शन के पीछे बुंदेलों की गहरी कृतज्ञता भी छिपी है। गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि, ऐतिहासिक गोरखगिरि पर्वत को पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए बुंदेलखंड के लोगों ने मुख्यमंत्री को दिल से धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के दौरान बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे और लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। यह पहली बार नहीं है जब बुंदेलखंड में ऐसा जुनून दिखा हो। बुंदेली समाज इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी 8 बार खून से पत्र भेज चुका है, जबकि क्षेत्र की समस्याओं के लिए 52 बार लहू से पत्र लिखे गए हैं। आज के इस आयोजन में डॉ. अजय बरसैंया, मनीष जैदका समेत तमाम लोगों ने हिस्सा लिया और ईश्वर से प्रार्थना की कि अपराधियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने वाले बुलडोजर मॉडल के प्रणेता योगी आदित्यनाथ ही भविष्य में देश के अगले प्रधानमंत्री बनें।

Tags:    

Similar News